बरेली: घरेलू विवाद में हिंसक बनी बहू, सो रहे ससुर पर लाठी-डंडों से सिर पर किए कई वार; गंभीर रूप से घायल

Domestic violence case Bareilly: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के समसपुर गांव में घरेलू विवाद के चलते बहू ने अपने ससुर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Newzo

• 06:07 PM • 21 Mar 2026

follow google news

बरेली: मीरगंज थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक बहू ने अपने ही ससुर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के समसपुर गांव निवासी राजाराम पुत्र रोशनलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि घटना तड़के करीब 3:30 बजे की है। उस समय वह अपने घर में सो रहे थे। आरोप है कि घरेलू विवाद के चलते उनकी बहू ओमवती, पत्नी पप्पू, ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

बहू ने लाठी-डंडों से सिर पर कई वार किए

पीड़ित का कहना है कि बहू ने लाठी-डंडों से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद परिजनों की मदद से घायल बुजुर्ग को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित की शिकायत के आधार पर मीरगंज थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ट्रेनी आईपीएस प्रभारी निरीक्षक अंजना दहिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। लोग घरेलू विवाद के इस हिंसक रूप को लेकर हैरान हैं और परिवारों में बढ़ते तनाव को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।