गाजीपुर में अंसारी परिवार ने मोहम्मदाबाद की ईदगाह में मनाई ईद, सांसद अफजाल ने बताया उन्हें क्यों नहीं है खुशी?

Afzal Ansari Statement: गाजीपुर के मोहम्मदाबाद ईदगाह में ईद की नमाज के बाद सपा सांसद अफजाल अंसारी ने मोदी सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए ट्रंप और नेतन्याहू पर तीखा हमला बोला. उन्होंने ईरान युद्ध और पेट्रोलियम संकट को लेकर भी कई बड़े बयान दिए.

विनय कुमार सिंह

• 04:39 PM • 21 Mar 2026

follow google news

Afzal Ansari Statement: गाजीपुर के मोहम्मदाबाद स्थित ईदगाह में ईद के पावन मौके पर हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर देश और दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी. इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अफजाल अंसारी अपने परिवार के साथ ईदगाह पहुंचे और नमाज में शामिल हुए. उनके साथ मोहम्मदाबाद विधायक शोएब अंसारी और मऊ विधायक अब्बास अंसारी भी मौजूद थे. नमाज के बाद जहां लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, वहीं सांसद अफजाल अंसारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए अंतरराष्ट्रीय हालात और भारत की विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने अमेरिका और इजरायल की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा हालात में देश   के रहनुमा विदेशी दबाव में झुके हुए नजर आ रहे हैं. 

यह भी पढ़ें...

मोहम्मदाबाद ईदगाह में अदा की गई नमाज

गाजीपुर के मोहम्मदाबाद ईदगाह में ईद के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की. इस मौके पर सपा सांसद अफजाल अंसारी, मोहम्मदाबाद विधायक शोएब अंसारी और मऊ विधायक अब्बास अंसारी अपने पूरे परिवार के साथ ईदगाह पहुंचे. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और इलाके में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ की. ईद के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. 

ईद की खुशियां हम भी नहीं मना रहे -अफजाल अंसारी

नमाज के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि दुनिया में फैली बदमनी और खास तौर पर अमेरिका और इजरायल की ओर से बेगुनाहों पर किए जा रहे अत्याचारों को देखते हुए वह खुद भी ईद की खुशियां नहीं मना रहे हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल ताकत के नशे में निर्दोष लोगों पर जुल्म ढा रहे हैं और भारत की सरकार और जनता को जालिम के खिलाफ मजलूम के हक में आवाज बुलंद करनी चाहिए. 

मोदी सरकार की विदेश नीति पर उठाए सवाल

अफजाल अंसारी ने भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की नीति हमेशा फिलिस्तीन के समर्थन में रही है लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में समझ नहीं आ रहा कि इसमें क्या बदलाव आ गया है. उन्होंने आरोप लगया कि देश के रहनुमा अमेरिका के राष्ट्रपति के दबाव में झुके हुए नजर आ रहे हैं. उनका कहना था कि भारत को अपनी स्वतंत्र विदेश नीति बनाए रखनी चाहिए और किसी भी दबाव में निर्णय नहीं लेना चाहिए. 

ट्रंप और नेतन्याहू पर साधा निशाना

सांसद अफजाल अंसारी ने अमेरिका और इजरायल के नेताओं पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने ऐसा बयान दिया है कि वह जब चाहें तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक करियर खत्म कर सकते हैं. अंसारी ने कहा कि इस तरह के बयान देश की गरिमा के लिए ठीक नहीं हैं और यह दर्शाता है कि भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिति कमजोर दिखाई जा रही है.

यही नहीं अफजाल अंसारी ने ईरान से जुड़े हालात पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता पर जिस तरह हमला किया गया और उनके घर पर बम गिराया गया, वह बेहद निंदनीय है. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने हिंद महासागर में घुसकर ईरान के जहाज पर हमला किया, जबकि वह जहाज भारत के बुलावे पर आया था. उन्होंने इसे भारत की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर संदेश बताया. 

पेट्रोलियम संकट पर भी दिया बयान

पेट्रोलियम संकट के मुद्दे पर बोलते हुए अफजाल अंसारी ने कहा कि मौजूदा युद्ध के बावजूद ईरान भारत की जनता को तकलीफ नहीं देना चाहता और भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है. उन्होंने कहा कि यदि भारत ईरान से अच्छे ताल्लुकात बनाए रखे तो देश को पेट्रोलियम संकट जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भारत जबरन अमेरिका के साथ खड़ा होकर अपनी स्थिति कमजोर कर रहा है.

अफजाल अंसारी ने दावा किया कि मौजूदा युद्ध अंततः अमेरिका और इजरायल के शीर्ष नेतृत्व की सत्ता के पतन का कारण बनेगा. उन्होंने कहा कि ईरान के नेता मैदान छोड़कर भागे नहीं हैं बल्कि मजबूती से डटे हुए हैं. उन्होंने मीडिया से कहा कि उनकी इस बात को नोट कर लिया जाए क्योंकि आने वाले समय में इस संघर्ष के बड़े राजनीतिक परिणाम देखने को मिल सकते हैं.

अमन-चैन और भाईचारे की दी शुभकामनाएं

अपने बयान के अंत में सांसद अफजाल अंसारी ने देशवासियों और खास तौर पर अपने वतन भाइयों को ईद की पुरखुलूस मुबारकबाद दी. उन्होंने सभी से अपील की कि ईद का त्योहार अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाए और दुनिया में शांति कायम रखने की दुआ की जाए.

यह भी पढ़ें: सरकारी बैंक में करियर बनाने का गोल्डन चांस! सिडबी में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन