वजह जानने के लिए मैदान में उतरे वैज्ञानिक..., दुनिया के सबसे गर्म शहरों में क्यों शामिल हो रहा बांदा? रिपोर्ट के बाद बनेगा एक्शन प्लान

सिद्धार्थ गुप्ता

20 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Uttar Pradesh Weather News: बांदा में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के कारणों की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेषज्ञ टीम अध्ययन करेगी. रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन भविष्य में तापमान कम करने और हीटवेव से बचाव की कार्ययोजना तैयार करेगा.

Banda Extreme Heat Scientific Study Action Plan

Banda Extreme Heat Scientific Study Action Plan

Google CTA

Banda Heatwave News: उत्तर प्रदेश का बांदा जिला लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को लेकर एक बार फिर चर्चा में है. पिछले कुछ समय से बांदा का नाम दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो रहा है, जिससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. अब इस रिकॉर्डतोड़ गर्मी के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जिला प्रशासन ने वैज्ञानिक अध्ययन शुरू कराया है. शासन की मंजूरी के बाद 6 सदस्यीय विशेषज्ञों (वैज्ञानिकों) की टीम बांदा पहुंच गई है, जो विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी. इसी रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए एक योजना बनाई जाएगी.

यह भी पढ़ें...

वैज्ञानिक तरीके से होगी गर्मी की वजह की जांच

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि जब उन्होंने बांदा का कार्यभार संभाला था, उस समय जिले का तापमान दुनिया के सबसे अधिक तापमान वाले शहरों में दर्ज किया जा रहा था. इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से गर्मी से बचाव के कई प्रयास किए गए. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने शासन से विशेषज्ञों की टीम भेजने का अनुरोध किया था, ताकि वैज्ञानिक आधार पर यह समझा जा सके कि बांदा में तापमान लगातार रिकॉर्ड स्तर तक क्यों पहुंच रहा है. शासन की स्वीकृति मिलने के बाद छह सदस्यीय टीम अब फील्ड में उतरकर अध्ययन कर रही है.

जमीन की नमी पर रहेगा फोकस

विशेषज्ञों की टीम जिले में भूजल स्तर, नदियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों की स्थिति का अध्ययन करेगी. इसके साथ ही जमीन में मौजूद नमी, सतह के तापमान और सैटेलाइट डेटा का भी विश्लेषण किया जाएगा. टीम यह भी पता लगाएगी कि भूजल स्तर में गिरावट, जमीन के सूखने और हरित क्षेत्र में कमी का बढ़ते तापमान से कितना संबंध है. इसके अलावा जिले में पेड़-पौधों की स्थिति और अवैध कटान के प्रभाव का भी वैज्ञानिक मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि पर्यावरणीय बदलावों की भूमिका स्पष्ट हो सके.

रिपोर्ट के आधार पर बनेगी भविष्य की रणनीति

जिलाधिकारी अमित आसेरी के अनुसार विशेषज्ञ टीम अध्ययन पूरा करने के बाद विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी. इसके आधार पर प्रशासन और विशेषज्ञ मिलकर ऐसी कार्ययोजना तैयार करेंगे, जिससे भविष्य में भीषण गर्मी के असर को कम किया जा सके. उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल मौजूदा गर्मी से राहत देना नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए स्थायी समाधान विकसित करना है. डीएम ने यह भी बताया कि जिले में अवैध पेड़ कटान पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है. प्रशासन का मानना है कि वैज्ञानिक अध्ययन और पर्यावरण संरक्षण के संयुक्त प्रयासों से भविष्य में बांदा के लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई जा सकेगी.