Fatehpur Honor Killing News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने अपनी ही सगी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया. आरोपी ने वारदात के बाद खुद पुलिस चौकी पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार यह मामला कथित प्रेम प्रसंग और भाई के विरोध से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
44 दिन पहले हुई थी रंजू की शादी
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर जिले के धनवा गांव निवासी 22 वर्षीय संदीप यादव ने अपनी 19 वर्षीय बहन रंजू यादव की हत्या कर दी. रंजू की शादी महज 44 दिन पहले पिंटू उर्फ अजय यादव के साथ हुई थी. बताया गया है कि शादी के बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इसी बीच संदीप को अपनी बहन के किसी दूसरे समुदाय के युवक से कथित प्रेम प्रसंग का अंदेशा था. वह एक दिन पहले अपनी बहन को उसके ससुराल राधानगर से वापस मायके लेकर आ रहा था.
विवाद के बाद बहन की कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार रास्ते में संदीप को जानकारी मिली कि उसकी बहन अपने कथित प्रेमी से मिलने वाली है. जब वह हसवा पुलिस चौकी के पास जंगल में पहुंचा तो उसने अपनी बहन को कथित प्रेमी के साथ देख लिया. आरोपी के मुताबिक उसे देखते ही कथित प्रेमी वहां से फरार हो गया. इसके बाद भाई-बहन के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. संदीप का कहना है कि वह बहन को समझाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जब वह ससुराल लौटने के लिए तैयार नहीं हुई और अपनी बात पर अड़ी रही, तो गुस्से में आकर उसने उसका गला दबा दिया.
हत्या के बाद कुएं में फेंका शव
बहन की हत्या करने के बाद संदीप ने शव को गुड्डू के नलकूप के पास स्थित एक कुएं में फेंक दिया. वारदात के बाद वह सीधे हसवा पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई.
शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी संदीप यादव ने पुलिस हिरासत में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. मृतका के पिता शिव सिंह यादव की तहरीर पर उनके बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. शिव सिंह और उनकी पत्नी गोमती देवी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उनके तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें रंजू की शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही हुई थी. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT










