Deoria Medical Negligence: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली एक खबर सामने आई है. यहां के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ऐसी घोर लापरवाही देखने को मिली है, जिसने न सिर्फ एक मासूम बच्ची की तकलीफ को बढ़ा दिया बल्कि पूरे अस्पताल प्रशासन के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अस्पताल के कर्मचारियों ने बिना ध्यान दिए एक छह साल की मासूम बच्ची के गलत हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया. बच्ची के दाहिने हाथ की हड्डी टूटी थी लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने बिना सोचे-समझे उसके बाएं हाथ को प्लास्टर में जकड़ दिया. इस घटना के बाद से पीड़ित मां का गुस्सा फूट पड़ा है और उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT
खेलते समय गिर गई थी बच्ची
देवरिया शहर की भुजौली कॉलोनी में रहने वाली अल्पना उपाध्याय की 6 साल की बेटी घर के पास खेलते समय अचानक गिर गई थी. गिरने की वजह से बच्ची के दाहिने हाथ में काफी चोट आई थी. पहले तो मां ने उसे एक आम डॉक्टर को दिखाया जिसने कहा कि कोई गंभीर बात नहीं है. लेकिन मां को तसल्ली नहीं हुई, इसलिए उन्होंने पहचान के एक प्राइवेट डॉक्टर को दिखाया. उस डॉक्टर ने बच्ची का एक्स-रे कराने की सलाह दी. जब एक्स-रे हुआ तो साफ पता चला कि बच्ची के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर है.
पर्चा और एक्स-रे रिपोर्ट देखने के बाद भी कर दी बड़ी गलती
इसके बाद एक्स-रे की रिपोर्ट लेकर मां अपनी बेटी को सीधे मेडिकल कॉलेज ले गईं. वहां हड्डी रोग विभाग के डॉक्टर ने रिपोर्ट देखी और पर्चे पर प्लास्टर चढ़ाने की बात लिखकर उन्हें पास के कमरे में भेज दिया.
महिला ने प्लास्टर की फीस भी जमा कर दी. इसके बाद प्लास्टर रूम में मौजूद कर्मचारी ने डॉक्टर का पर्चा और एक्स-रे रिपोर्ट दोनों देखी. लेकिन इसके बावजूद उसने इतनी बड़ी लापरवाही कर दी कि बच्ची के चोटिल दाहिने हाथ को छोड़कर, उसके अच्छे-भले बाएं हाथ पर पूरा प्लास्टर चढ़ा दिया.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
जब मां को इस गड़बड़ी का पता चला तो उनके होश उड़ गए. अस्पताल की इस घोर लापरवाही के खिलाफ उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पीड़ित मां रोते हुए अस्पताल की इस लापरवाही को दिखा रही हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रही हैं.
मेडिकल कॉलेज प्रशासन का क्या कहना है?
मामला बढ़ने और वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन भी अलर्ट हो गया है. मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता और सीएमएस (CMS) डॉ. एच. के. मिश्रा ने इस पर बयान देते हुए कहा है कि "यह मामला हमारे सामने आया है और यह बेहद गंभीर है. इस पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम बना दी गई है. जांच की रिपोर्ट आते ही जो भी डॉक्टर या कर्मचारी इस गलती के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."
यह भी पढ़ें: क्या सपा में जाएंगे भाजपा के मंत्री और विधायक? अखिलेश यादव सत्ताधारी दल के इन नेताओं पर डाल रहे 'डोरे'!
ADVERTISEMENT










