सिपाही को दांत काटकर भागा..., देवरिया रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर खूब हुआ बवाल, 'दलालों' ने की रोहित कुशवाहा की बेरहमी से पिटाई!

राम प्रताप सिंह

15 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 12:00 PM)

Deoria Railway Station Train Tatkal Ticket Fight: देवरिया जिले के भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर शनिवार रात बड़ा बवाल हो गया. लाइन में लगे एक युवक की कथित दलालों ने बेरहमी से पिटाई कर दी.

Deoria Railway Station Train Tatkal Ticket Fight

Deoria Railway Station Train Tatkal Ticket Fight

Google CTA

Deoria Railway Station Violence: देवरिया जिले के भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर शनिवार रात बड़ा बवाल हो गया. लाइन में लगे एक युवक की कथित दलालों ने बेरहमी से पिटाई कर दी. विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंचे जीआरपी सिपाही के साथ भी आरोपियों ने हाथापाई की और उसके हाथ में दांत काटकर फरार हो गए. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

यह भी पढ़ें...

लाइन में खड़े युवक से मारपीट

जानकारी के अनुसार भाटपाररानी थाना क्षेत्र के खडेसर पश्चिम टोला निवासी रोहित कुशवाहा तत्काल टिकट लेने के लिए शनिवार दिन में ही स्टेशन पहुंच गया था और लाइन में लग गया था. उसका कहना है कि वह अगले दिन सुबह टिकट मिलने की उम्मीद में अपनी बारी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान रात करीब साढ़े दस बजे दो युवक वहां पहुंचे, जिनमें से एक ने अपना नाम प्रताप यादव बताया. लाइन में आगे लगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.

लाइन से खींचकर की पिटाई

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने रोहित को लाइन से खींच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. मारपीट में रोहित के हाथ में गंभीर चोट आई और उसका कंधा भी प्रभावित हुआ. पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने और बाहर देख लेने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

हाथ में काटकर हुए फरार

स्टेशन परिसर में हंगामे की सूचना पर जीआरपी का एक सिपाही मौके पर पहुंचा और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया. लेकिन आरोपियों ने पुलिसकर्मी से भी झड़प शुरू कर दी. इसी दौरान उन्होंने सिपाही के हाथ में दांत काट लिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई.

आरोपियों की तलाश में पुलिस

इस मामले में भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के सहायक स्टेशन अधीक्षक रूपेश जायसवाल ने जीआरपी और आरपीएफ को लिखित शिकायत भेजी है. उन्होंने अपने मेमो में लिखा है कि स्टेशन परिसर में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं जबकि वहां सुरक्षा बलों की मौजूदगी रहती है. उन्होंने कहा, 'यदि ऐसी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो किसी दिन बड़ी अनहोनी हो सकती है.'

फिलहाल जीआरपी ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो की जांच के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.