मऊ में भारी बवाल, सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद भीड़ ने पुलिस पर ही चला दिए पत्थर, अब ये हुआ

Stone Pelting on Police in Mau: मऊ के घोसी में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. हाईवे जाम, पुलिस से झड़प और पथराव के बीच हालात तनावपूर्ण हो गए. अंडरपास निर्माण और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है.

Mau News

Mau News

Stone Pelting on Police in Mau: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां एक सड़क हादसे में महिला की दर्दनाक मौत के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते हंगामा इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई. इस दौरान गुस्साई भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया. यह पथराव उस समय हुआ जब पुलिस टीम प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शव को अपने कब्जे में लेने की कोशिश कर रही थी. 

यह भी पढ़ें...

घोसी कोतवाली के पिढवल मोड़ पर हुआ हादसा

यह पूरा बवाल मऊ जिले के घोसी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर हुआ है. जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर स्थित पिढवल मोड़ के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. महिला की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया. उन्होंने तुरंत शव को हाईवे के बीचो-बीच रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे.

हाईवे पर अंडरपास बनाने की मांग पर अड़े ग्रामीण

हादसे के बाद चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों की मांग थी कि इस ब्लैक स्पॉट पर आए दिन हादसे होते रहते हैं. ऐसे में यहा तुरंत एक अंडरपास बनाया जाए. ग्रामीणों का कहना था कि जब तक प्रशासन यहां अंडरपास बनाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का ठोस आश्वासन नहीं देता तब तक वे शव को सड़क से नहीं हटने देंगे. जाम की वजह से वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं.

पुलिस पर बरसे पत्थर

हाईवे पर जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की काफी कोशिश की. लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे. इसके बाद जैसे ही पुलिस कर्मियों ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए शव को जबरन अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया वैसे ही प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए.

भीड़ में से कुछ लोगों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए इस पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को पीछे हटना पड़ा.

भारी फोर्स के साथ मौके पर डटे आला अधिकारी

पथराव और बवाल की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर तुरंत भारी पुलिस बल और पीएसी को रवाना किया गया. फिलहाल उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और घोसी कोतवाल भारी फोर्स के साथ मौके पर खुद मोर्चा संभाले हुए हैं. पीएसी बल ने पूरे इलाके को घेर लिया है और उपद्रवियों को खदेड़ने की कोशिश की जा रही है.