UP Weather Update: यूपी में बारिश को लेकर आया बड़ा अपडेट... अब ऐसा हो जाएगा मौसम

UP Weather Update: 22 मार्च से उत्तर प्रदेश में साफ होगा मौसम. अगले एक हफ्ते में 10 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, बारिश का सिलसिला होगा खत्म. जानें ताजा अपडेट.

UP Weather Update

यूपी तक

22 Mar 2026 (अपडेटेड: 22 Mar 2026, 09:42 AM)

follow google news

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर पलटने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश से गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त हो रहा है. इसके साथ ही अब बारिश और बादलों की लुका-छिपी बंद होगी और सूरज की तपिश लोगों को महसूस होने लगेगी.

यह भी पढ़ें...

तापमान में आएगी भारी बढ़ोत्तरी

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 22 मार्च से प्रदेश भर में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा. इसके परिणामस्वरूप आगामी 5 से 6 दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में तापमान पहले ही बढ़ना शुरू हो गया है, जहाँ करीब 7 डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया है. मध्य यूपी के जिलों में भी 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हुई है, हालांकि अभी भी तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है.

सुबह दिखेगी हल्की धुंध

बारिश के कारण हवा में नमी की मात्रा बढ़ गई है. इसके चलते सुबह के समय कहीं-कहीं हल्की धुंध दिखाई दे सकती है. हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि यह धुंध सूर्योदय होते ही साफ हो जाएगी और दिन भर धूप खिली रहेगी.

पूर्वांचल में दिखा आखिरी असर

बीते दिन पूर्वांचल के कुछ जिलों में बादलों की मौजूदगी और हल्की बारिश की वजह से तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को ठंडक का अहसास हुआ. लेकिन अब वहां भी मौसम साफ होने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.