बैंक की 'जालसाजी' और धमकी ने ली बुजुर्ग की जान, विश्वनाथगंज में शव रख चक्काजाम

रायबरेली में बैंक कर्मियों पर जालसाजी और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों ने शव रखकर चक्काजाम कर दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जांच जारी है.

Newzo

• 07:24 PM • 20 Mar 2026

follow google news

रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र के छिछौरे मजरे झरहा गांव में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। बैंक कर्मचारियों पर जालसाजी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर स्थित विश्वनाथगंज में शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर उतरे सैकड़ों लोगों ने बैंक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। बीच सड़क पर शव रखे होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

यह भी पढ़ें...

​धमकी से बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुरेश (56) पुत्र अयोध्या का खाता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की जगतपुर शाखा में था। मृतक की पत्नी फूलमती का आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने उनके पति के साथ जालसाजी कर फर्जी लोन स्वीकृत कर दिया। आरोप है कि सोमवार को बैंक मैनेजर समेत चार कर्मचारी घर पहुंचे और जेल भेजने की धमकी दी, जिससे सुरेश गहरे मानसिक तनाव में आ गए। इसी तनाव के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी और शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।

​विश्वनाथगंज में डटा रहा भारी पुलिस बल

घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए विश्वनाथगंज में पुलिस छावनी जैसा नजारा रहा। मौके पर ऊंचाहार, जगतपुर, गदागंज और डलमऊ थानों की पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्राधिकारी (CO) डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी खुद स्थिति को संभालने में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया।

पुत्र ने दी तहरीर

​मृतक के पुत्र अमित पटेल ने बैंक मैनेजर समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बैंक कर्मियों पर मुकदमा दर्ज नहीं होता, वे पीछे नहीं हटेंगे।

क्या बोले अधिकारी

​डलमऊ सीओ गिरजा शंकर त्रिपुला ने बताया कि बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों ने विश्वनाथगंज के पास मार्ग जाम किया था। परिजनों के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल यातायात बहाल कराने का प्रयास जारी है।