एक्शन मूड में बलिया सीडीओ, ताबड़तोड़ तीन ब्लॉकों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर लेखाकार का वेतन रोका

बलिया में सीडीओ ने मनियर, नवानगर और नगरा ब्लॉकों का औचक निरीक्षण कर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की. वित्तीय अनियमितता पर लेखाकार का वेतन रोका गया और विकास कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए गए.

Newzo

• 06:10 PM • 20 Mar 2026

follow google news

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद सीडीओ ने ताबड़तोड़ तीन ब्लाकों का औचक निरीक्षण किया. सीडीओ के निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। दरअसल विकास कार्यों को गति देने और कार्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आज पूरे एक्शन मोड में नजर आए। सीडीओ ने विकास खण्ड मनियर, नवानगर और नगरा का तूफानी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं व्यवस्थाएं सुधारने के कड़े निर्देश दिए गए, तो कहीं वित्तीय अनियमितता और लापरवाही पर अधिकारियों की क्लास लगाई गई।

यह भी पढ़ें...

​विकास खण्ड नगरा के फाइलों में मिली खामियां, लेखाकार पर गिरी गाज

​नगरा ब्लॉक के निरीक्षण में सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाया। लेखा अनुभाग की जांच के दौरान पाया गया कि विकास कार्यों की फाइलों में 'कार्य से पूर्व' और 'कार्य के पश्चात' की अनिवार्य तस्वीरें गायब थीं। नियमों की अनदेखी और वित्तीय अनुशासनहीनता पर सीडीओ ने संबंधित लेखाकार का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने और 'कारण बताओ नोटिस' जारी करने का आदेश दिया।
वही ब्लॉक की खाली भूमि पर जल संचयन और सौंदर्यीकरण के लिए उसे अमृत सरोवर मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्थित जर्जर सरकारी आवासों को चिन्हित कर ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।

​विकास खण्ड मनियर में 16 फीट चौड़ी सड़क और कायाकल्प का खाका

​मनियर ब्लॉक में सीडीओ ने आम जनमानस की सुविधा को प्राथमिकता दी। ब्लॉक मुख्यालय तक पहुँचने वाले संकरे रास्ते को खत्म कर 16 फीट चौड़ी सीधी सड़क निर्माण के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने बीडीओ को स्थानीय काश्तकारों और ब्लॉक प्रमुख से समन्वय करने को कहा। सीडीओ ने कहा अप्रैल माह से परिसर के नवीनीकरण का कार्य अनिवार्य रूप से शुरू होगा और मीटिंग हॉल को आधुनिक लाइटों और स्पष्ट साइन बोर्ड से लैस किया जाएगा।

​विकास खण्ड नवानगर में बाउंड्री वॉल और नए मीटिंग हॉल का प्रस्ताव

​नवानगर में सीडीओ ने परिसर की सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान टूटी हुई बाउंड्री वॉल की तत्काल मरम्मत और जनरेटर रूम में जमा कबाड़ को फौरन हटाने के निर्देश दिए। ब्लॉक में मीटिंग हॉल न होने पर सीडीओ ने शासन को जल्द से जल्द एक आधुनिक मीटिंग हॉल के निर्माण का प्रस्ताव भेजने को कहा। सीडीओ ने दो टूक में कहा विकास कार्यों और कार्यालय प्रबंधन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या शासकीय धन का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फाइलों में पारदर्शिता और परिसर में स्वच्छता सर्वोपरि है। लापरवाही दिखी तो कार्यवाही तय है।