उत्तर प्रदेश: अंगदान कर अमर हुईं मथुरा की इंद्रा रानी, निधन के बाद अंगों से रोशन होगा दूसरों का जीवन, पेश की मानवता की मिसाल

मथुरा की इंद्रा रानी कंसल ने निधन के बाद अंगदान कर मानवता की मिसाल पेश की, परिवार ने उनकी अंतिम इच्छा पूरी कर कई जरूरतमंदों को नई जिंदगी देने का संदेश दिया.

यूपी तक

• 03:30 PM • 20 Mar 2026

follow google news

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में धर्म और अध्यात्म की नगरी मथुरा की एक और बेटी ने जाते-जाते मानवता के लिए अनुपम उदाहरण पेश किया है। स्थानीय महाविद्या कॉलोनी निवासी और भाजपा नेता संजय गोविल की बुआ श्रीमती इंद्रा रानी कंसल ने देह/अंगदान का संकल्प कर समाज को नई दिशा दिखाई है। उनके इस साहसी निर्णय की हर ओर सराहना हो रही है.

यह भी पढ़ें...

​पुणे में हुआ निधन, अंतिम इच्छा का हुआ सम्मान

श्रीमती इंद्रा रानी कंसल (पत्नी संतोष कुमार कंसल) का निधन बीते दिनों पुणे में अपने पुत्र के आवास पर हुआ था। परिजनों के अनुसार, श्रीमती कंसल की सदैव यह इच्छा थी कि मृत्यु के पश्चात उनके अंग किसी जरूरतमंद के काम आ सकें। उनके निधन के बाद शोकाकुल परिवार ने उनकी इस अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए अंगदान की प्रक्रिया पूरी की, ताकि कई लोगों को नया जीवन मिल सके.

​रोटरी क्लब ने जताया आभार, बताया साहस का उदाहरण

इस अनुकरणीय कार्य के लिए ‘रोटरी क्लब ऑफ ऑर्गन डोनेशन इंटरनेशनल’ के प्रेसिडेंट रोटेरियन लाल गोयल ने मृतका के पति को पत्र लिखकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने इस निर्णय को साहस और करुणा का अद्वितीय उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में परिवार द्वारा लिया गया यह फैसला मानवता की सर्वोच्च सेवा है.

​समाज के लिए सशक्त संदेश

रोटेरियन लाल गोयल ने अपने संदेश में कहा कि श्रीमती इंद्रा कंसल का यह त्याग उन लोगों के जीवन में आशा की नई किरण बनेगा जिन्हें अंगों की सख्त जरूरत है। यह निस्वार्थ कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है और जीवन के प्रति सच्चे सम्मान को प्रदर्शित करता है। रोटरी परिवार ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके महान योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है.