मिडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव और मिसाइलों की गूंज ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक घर को तबाह कर दिया है. जिले के महमूदाबाद क्षेत्र के बघाइन गांव का रहने वाले रवि गोपाल करीब ढाई साल पहले सऊदी अरब गए थे. रवि अब वहां जारी युद्ध का शिकार हो गए हैं. 18 मार्च 2026 की शाम आई एक मिसाइल रवि की जिंदगी पर भारी पड़ गई. रवि की मौत की खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
ADVERTISEMENT
प्लास्टिक कंपनी पर गिरी मिसाइल, ढह गई बिल्डिंग
परिजनों के मुताबिक, रवि गोपाल रियाद शहर की रीमा प्लास्टिक फैक्ट्री में लोडिंग-अनलोडिंग का काम करते थे. 8 मार्च की शाम लगभग 5:00 बजे जब वह काम पर थे, तभी वहां एक मिसाइल आकर गिरी. हमले के बाद पूरी बिल्डिंग ढह गई और वहां भीषण आग लग गई. रवि के भाई ने बताया कि छुट्टी का वक्त होने के कारण कई लोग निकल गए थे. लेकिन रवि अंदर ही रह गए और लापता पाए गए. बाद में साथ काम करने वाले लड़कों ने उनकी मौत की पुष्टि की.
परिवार का इकलौता सहारा थे रवि
रवि गोपाल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और माता-पिता का सहारा बनने के लिए रियाद गए थे. वह वहां गाड़ियां चलाने और सामान लोडिंग का काम करता थे. परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी फोन के जरिए वहां मौजूद साथियों ने दी है. हालांकि, इस मामले में अभी तक स्थानीय प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन 18 मार्च के बाद से परिवार का रवि से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है.
शव वापस लाने के लिए सरकार से गुहार
बेटे की मौत की खबर के बाद से बघाइन गांव में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित परिवार अब भारत सरकार और प्रशासन से हाथ जोड़कर गुहार लगा रहा है कि किसी भी तरह रवि का शव भारत वापस लाया जाए. परिवार चाहता है कि वह रवि को अंतिम विदाई दे सकें और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कर सकें.
ADVERTISEMENT









