सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीडीएस द्वितीय वर्ष के छात्र हारिस अली की गिरफ्तारी के बाद एंटी टेरर स्क्वाड (ATS) की जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, हारिस का संबंध अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन ISIS के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़ा पाया गया है और वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था।
ADVERTISEMENT
ATS की जांच में सामने आया कि हारिस रोजाना 5 से 7 घंटे लैपटॉप पर सक्रिय रहता था और कॉलेज हॉस्टल के कमरे में ही ज्यादातर समय बिताता था। वह भीड़ से दूर रहता था और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था, जिससे उस पर लंबे समय तक किसी को शक नहीं हुआ। उसका सामान्य व्यवहार ही उसकी सबसे बड़ी ढाल बना रहा। एजेंसियों के अनुसार, हारिस के संपर्क में मुरादाबाद, संभल और अमरोहा समेत कई जिलों के 60 से अधिक युवा थे।
आशंका जताई जा रही है कि वह इन युवाओं को धीरे-धीरे कट्टर विचारधारा की ओर मोड़ने में जुटा था। हैरानी की बात यह है कि उसका रूम पार्टनर भी उसकी गतिविधियों से पूरी तरह अनजान था।जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले दो वर्षों में हारिस पांच बार जम्मू-कश्मीर जा चुका है। इन यात्राओं के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं और उससे जुड़े लोगों की जांच तेज कर दी गई है। यह मामला समाज और सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल के इस्माइल ने दी रालोद चीफ जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी! अब ये मांग हुई तेज
ADVERTISEMENT









