काल बनी आइसक्रीम फैक्ट्री: करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत, कोहराम

Raebareli Ice Cream Factory Accident: रायबरेली के बछरावां स्थित ओम आइसक्रीम फैक्ट्री में काम के दौरान 16 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई. परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

यूपी तक

21 Mar 2026 (अपडेटेड: 21 Mar 2026, 02:25 PM)

follow google news

 Raebareli Factory Accident News: यूपी के रायबरेली में बछरांवा कस्बे के गीतांजलि मैरिज लॉन के पीछे संचालित 'ओम आइसक्रीम फैक्ट्री' में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम करने आए 16 वर्षीय किशोर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें...

​काम के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम

​बगाही मजरे विशुनपुर निवासी रामखेलावन का 16 वर्षीय पुत्र नितिन शनिवार सुबह कस्बे की ओम आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करने गया था। उसका बड़ा भाई सतीश वहां पहले से ही मजदूरी करता है। बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक नितिन बिजली के करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया, जहां प्राथमिक परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​भाई का आरोप: 'जमीन पर तड़प रहा था नितिन'

​मृतक के भाई सतीश ने फैक्ट्री के जिम्मेदारों पर तीखा हमला बोला है। सतीश का आरोप है कि जब उसे घटना की जानकारी मिली और वह मौके पर पहुंचा, तो उसका छोटा भाई जमीन पर बेसुध पड़ा हुआ था। आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे और न ही हादसे के वक्त तत्परता दिखाई। छोटे भाई की मौत से सतीश और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​पुलिस की कार्रवाई

​सूचना मिलते ही बछरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे जिला मुख्यालय पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था।


यह भी पढ़ें: मथुरा में फरसे वाले बाबा की हत्या के बाद ग्राउंड पर कैसे हैं हालात? यूपी Tak के कैमरे पर ये सब कैद हुआ