सहारनपुर पांजरायपुर जंगल में गौवंश अवशेष मिलने से सनसनी, जांच के लिए तीन टीमें गठित

सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में जंगल में गौवंश के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन टीमों का गठन किया है और आरोपियों की तलाश में जांच तेज कर दी है.

Newzo

• 05:54 PM • 20 Mar 2026

follow google news

सहारनपुर: जनपद के थाना बेहट क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब ग्राम पांजरायपुर के जंगलों में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई. सूचना मिलते ही बेहट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया.

यह भी पढ़ें...

घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी बेहट और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भी पहुंचे और पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आसपास के क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए. घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल देखा गया, हालांकि पुलिस की सक्रियता के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी हुई है.

पुलिस ने इस मामले में थाना बेहट पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के अनावरण के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल क्षेत्र में शांति-व्यवस्था कायम है और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है.

यह भी पढ़ें; सैफई मेडिकल कॉलेज में 1 साल से मानसिक रोग का इलाज करा रही महिला हुई प्रेग्रनेंट, फिर आरोपी सफाई कर्मचारी ने ये सब कहा