Saifai Medical University Case: इटावा के सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय से एक बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पताल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां मानसिक रोगी वार्ड में एक साल से भर्ती करीब 40 वर्षीय महिला के अचानक पांच माह की गर्भवती मिलने से पूरे मेडिकल प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामला सामने आते ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और जांच शुरू हुई. जांच के दौरान एक आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी का इन्वॉल्वमेंट सामने आया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि इस पूरे मामले में आरोपी और उसके परिवार के बयान सामने आने के बाद कई नए सवाल भी खड़े हो गए हैं, जिससे यह पूरा मामला और भी पेचीदा बन गया है.
ADVERTISEMENT
एक साल से चल रहा था इलाज, अचानक सामने आई गर्भावस्था
जानकारी के मुताबिक महिला पिछले एक साल से अधिक समय से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के मानसिक रोगी वार्ड में भर्ती थी. 14 जून 2025 से उसका लगातार इलाज चल रहा था और नियमित मेडिकल जांच भी की जा रही थी. हाल ही में हुए रूटीन चेकअप में डॉक्टरों ने पाया कि महिला करीब पांच महीने की गर्भवती है. यह खुलासा होते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
दोनों का कराया गया मेडिकल परीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफाई कर्मचारी रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी का जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मेडिकल परीक्षण कराया गया, वहीं पीड़ित महिला को भी मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लाया गया. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है.
आरोपी ने कही ये बात
गिरफ्तारी के बाद आरोपी सफाई कर्मचारी रविंद्र ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “मुझसे गलती हो गई है, मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था. अब जो भी कोर्ट आदेश देगा, मैं उसका पालन करूंगा. मैं उस महिला को रखने के लिए भी तैयार हूं.” आरोपी के इस बयान ने मामले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है.
पत्नी ने किया पलटवार और कह दी यह बात
वहीं आरोपी की पत्नी पूनम ने पूरे मामले को साजिश करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि “मैं खुद 7 साल तक वहां सफाई कर्मचारी रही हूं. वहां हर समय डॉक्टर, नर्स और स्टाफ मौजूद रहता है, ऐसे में इस तरह की घटना संभव नहीं है. मेरे पति को सुबह 7 बजे बुलाकर डॉक्टरों ने बंद कर लिया और उसके साथ मारपीट की और दबाव बनाकर आरोप कबूल करवाया गया. इसके बाद शाम को उसे पुलिस को सौंप दिया गया. मेरे पति को जबरदस्ती फंसाया जा रहा है.” उन्होंने यह भी कहा कि उनके चार बच्चे हैं और उनके पति मानसिक रूप से भी कमजोर हैं, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट और जांच की रिपोर्ट्स आने के बाद ही इस सनसनीखेज मामले का पूरा सच सामने आ सकेगा.
यह भी पढ़ें: सैफई मेडिकल कॉलेज में एक साल से भर्ती इस औरत का चल रहा था मानसिक रोग का इलाज, कैसे हो गई प्रेगनेंट?
ADVERTISEMENT









