उत्तर प्रदेश के आगरा ऑनर किलिंग केस ने एक बार फिर रिश्तों और तथाकथित 'इज्जत' के नाम पर होने वाले अपराधों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रहने वाले एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय अविवाहित और कथित गर्भवती बेटी की हत्या कर दी.
ADVERTISEMENT
मामला तब खुला, जब बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने परिवार से गहन पूछताछ की. जांच में जो कहानी सामने आई, उसने पुलिस को भी चौंका दिया.
दवा दिलाने के बहाने दिल्ली से आगरा लाया गया
जानकारी के मुताबिक, आगरा के बासौनी थाना क्षेत्र के एक गांव का परिवार लंबे समय से दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रह रहा है. करीब चार दिन पहले परिवार ने तिगड़ी थाने में 18 वर्षीय युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई.
जांच के दौरान पुलिस को परिवार के बयान पर शक हुआ. पूछताछ में आरोप है कि युवती के पिता लखपत ने बताया कि 29 जुलाई को वह बेटी को दवा दिलाने के बहाने दिल्ली से आगरा लेकर आया था. इसके बाद बासौनी क्षेत्र में चंबल नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी.
अविवाहित बेटी के कथित गर्भवती होने से था परिवार नाराज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती अविवाहित थी और उसके कथित तौर पर गर्भवती होने की बात सामने आई थी. इसी वजह से परिवार नाराज था. पूछताछ में पिता ने कथित तौर पर ये भी स्वीकार किया कि वारदात को अंजाम देने में उसके दामाद ने भी साथ दिया. हालांकि इस मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि कर रही है.
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला पूरा मामला
हत्या के बाद आरोपी पिता ने खुद ही तिगड़ी थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई. शुरुआत में मामला लापता होने का लग रहा था, लेकिन लगातार पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को परिवार की कहानी पर संदेह हुआ.
आखिरकार पूछताछ में कथित तौर पर पिता ने पूरी घटना स्वीकार कर ली. इसके बाद दिल्ली पुलिस आरोपी पिता और दामाद को लेकर आगरा पहुंची और घटनास्थल की निशानदेही कराई.
चंबल नदी में शव की तलाश जारी
पुलिस ने चंबल नदी में युवती के शव की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है.
लगातार बारिश और चंबल के बीहड़ों वाला इलाका रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. जिस जगह की निशानदेही की गई है, वहां तक पहुंचने के लिए करीब 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है. बरसात की वजह से वहां न तो चार पहिया वाहन पहुंच सकते हैं और न ही दुपहिया वाहन आसानी से जा पा रहे हैं.
अब पीएसी के गोताखोरों की मदद से चंबल नदी में युवती के शव की तलाश जारी है. पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से भी मदद मिली है.
पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले में डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल से संपर्क किया गया. उन्होंने कहा कि मामला दिल्ली पुलिस के अधिकार क्षेत्र का है और एफआईआर भी वहीं दर्ज हुई है. उनके मुताबिक, इस स्तर पर कोई भी जानकारी साझा करने से जांच प्रभावित हो सकती है. इसलिए मामले से जुड़ी आधिकारिक जानकारी दिल्ली पुलिस ही साझा करेगी.
ADVERTISEMENT











