सुल्तानपुर स्कूल में सरकारी हेडमास्टर मुकेश सिंह और पत्नी विनीता की हत्या के पीछे कौन? आसपास में पड़ा मिला फावड़ा-कुल्हाड़ी

सुल्तानपुर के कादीपुर में शिक्षक दंपत्ति की स्कूल परिसर में धारदार हथियार से हत्या से सनसनी फैल गई. प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह और पत्नी विनीता सिंह के शव मिले. पुलिस ने कुल्हाड़ी, फावड़ा और चाकू बरामद कर जांच शुरू की.

Sultanpur News

Sultanpur News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया है. कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डडियापुर गांव में दिनदहाड़े एक शिक्षक दंपत्ति की उनके ही प्राइवेट स्कूल परिसर में धारदार हथियारों से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतकों में सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह शामिल हैं जो खुद एक प्राइवेट स्कूल का संचालन करती थीं. स्कूल परिसर में खून से लथपथ शव मिलने और पास ही कुल्हाड़ी, फावड़ा व चाकू बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

यह भी पढ़ें...

स्कूल परिसर में पड़े मिले दंपत्ति के शव

ये घटना कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डडियापुर गांव की है. रोज की तरह जब लोग सुबह उस इलाके से गुजरे तो निजी विद्यालय परिसर का नजारा देखकर दहल गए. विद्यालय परिसर के भीतर सरकारी स्कूल के शिक्षक मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह के शव खून से लथपथ पड़े मिले. हमलावरों ने इतनी बेरहमी से वार किया था कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई.

मौके से कुल्हाड़ी, फावड़ा और चाकू बरामद

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई. कादीपुर थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए. घटनास्थल से पुलिस को खून से सनी कुल्हाड़ी, फावड़ा और चाकू जैसी चीजें मिलने की बात सामने आई है जिससे साफ है कि हत्यारों ने बेदर्दी से इस वारदात को अंजाम दिया.

कौन थे मुकेश और विनीता सिंह?

मृतक मुकेश सिंह लंबे समय से शिक्षा जगत से जुड़े हुए थे। वह एक सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) के पद पर तैनात थे और स्थानीय स्तर पर शिक्षक संघ से भी जुड़े बताए जा रहे हैं. वहीं उनकी पत्नी विनीता सिंह उसी परिसर में एक प्राइवेट स्कूल का कुशल संचालन करती थीं. क्षेत्र में दोनों की पहचान एक प्रतिष्ठित और शांत स्वभाव वाले शिक्षक दंपत्ति के रूप में थी जिसके चलते इस दोहरे हत्याकांड ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

पुलिस जांच में उठे 5 बड़े सवाल

इस सनसनीखेज डबल मर्डर के बाद पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. एसओजी और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगा दिया गया है. हालांकि इस वारदात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्या रंजिश थी वजह? क्या शिक्षक दंपत्ति की किसी से कोई पुरानी या व्यक्तिगत दुश्मनी थी?

क्या हत्यारा वाकिफ था? क्या आरोपी को दंपत्ति की दिनचर्या और स्कूल परिसर के कोने-कोने की पूरी जानकारी थी?

अचानक हमला या सोची-समझी साजिश? क्या हत्यारे पहले से तैयारी करके आए थे या किसी बात पर हुए विवाद के बाद अचानक हमला किया गया?

हथियारों का इस्तेमाल: मौके पर कुल्हाड़ी और फावड़े की मौजूदगी क्या इस बात की ओर इशारा करती है कि हत्यारा स्थानीय या आसपास का ही था?

सुरक्षा पर सवाल: घर से दूर एक निजी स्कूल परिसर के अंदर घुसकर इस तरह सरेआम हत्याकांड को अंजाम देने की हिम्मत किसने की?

पुलिस ने दिया ये अपडेट

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से पड़ताल की जा रही है. 'कादीपुर के कुंभी डडियापुर गांव में पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया. प्रथम दृष्टया किसी धारदार हथियार और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने का मामला प्रतीत होता है. एसओजी व सर्विलांस सहित कई टीमें गठित कर दी गई हैं.  परिजनों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा.' फिलहाल पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. इलाके में तनाव और दहशत को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
 

ये भी पढ़ें: यूपी में MLC चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की ताजा लिस्ट, इन 6 नेताओं को मिला टिकट