उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में अनिल कुमार नाम के एक व्यक्ति पर पुलिस कंट्रोल रूम में बार-बार फोन कर परेशान करने का आरोप लगा है. आरोप है कि इस दौरान उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने के साथ ही अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया. इतनी ही नहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी उसने गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर भोजीपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. वहीं दूसरी तरफ थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है.
ADVERTISEMENT
गिरफ्तारी के बाद बदले अनिल के तेवर
आपको बता दें कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी का रवैया बदला हुआ नजर आया. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में वह हाथ जोड़कर अपने किए के लिए माफी मांगता दिखाई दे रहा है. पुलिस कार्रवाई के बाद उसके हाव-भाव और व्यवहार में बदलाव देखने को मिला है.
31 जुलाई की घटना पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, घंघोरा पिपरिया रोड स्थित मॉडर्न विलेज निवासी अनिल कुमार ने 31 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम पर कई कॉल किए थे. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद भोजीपुरा थाने में अनिल के खिलाफ केस दर्ज किया गया. इसके बाद उपनिरीक्षक सुशील कुमार और कांस्टेबल सोनू कोरी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
क्षेत्राधिकारी (CO) देवेश सिंह ने बताया कि फोन पर धमकी देने और पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने के मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को अदालत में पेश किया गया है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र का माहौल खराब करने और कानून हाथ में लेने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
ADVERTISEMENT











