सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से दिल्ली और यूपी के रास्तों पर भक्ति के कई अद्भुत रंग देखने को मिल रहे हैं. कोई 21 फीट की कांवड़ ला रहा है तो कोई भारी-भरकम झांकी खींच रहा है. लेकिन इस बीच एक ऐसी कांवड़ गुजरी जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया. इस कांवड़ में भगवान शिव की प्रतिमा के साथ-साथ एक मिनी जिम भी मौजूद है जिसमें डंबल, वेट प्लेट्स और फिटनेस का सामान बंधा हुआ है. इस अनोखी कांवड़ को लेकर निकलने वाले श्रद्धालु का नाम अमित मदेरिया है जो दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं.
ADVERTISEMENT
कंधे से खींच रहे हैं मिनी जिम ट्रॉली
हरिद्वार से दिल्ली तक लगभग 250 किलोमीटर का सफर अमित मदेरिया और उनके तीन अन्य साथी बिना किसी गाड़ी या ट्रक के पैदल अपनी कांवड़ ट्रॉली को कंधे से खींचकर तय कर रहे हैं. अमित ने बताया कि उन्होंने 22 जुलाई को हरिद्वार से गंगाजल उठाया था और दिल्ली के मुंडेला तक पदयात्रा कर रहे हैं. इस यात्रा में अमित के साथ कोई सेल्फी लेना चाहे तो पहले उसे पुश-अप्स या दंड-बैठक का टारगेट पूरा करना पड़ता है. टारगेट पूरा करने वाले युवाओं को मौके पर ही सम्मानित भी किया जा रहा है.
रास्ते में ही शुरू हो जाती है ओपन एयर जिम क्लास
अमित जहां भी अपनी कांवड़ लेकर रुकते हैं वहीं युवाओं का फिटनेस ट्रेनिंग सेशन शुरू हो जाता है. वे रास्ते में युवाओं को दंड-बैठक, बॉडीवेट एक्सरसाइज और पुश-अप्स के चैलेंजेस देते हैं. उन्होंने कहा कि 'यह सिर्फ गंगाजल नहीं बल्कि नशे के खिलाफ एक बड़ा अभियान है. मेरा युवाओं से कहना है कि अगर आपको नशा ही करना है तो मेहनत और पसीने का कीजिए. जब आप मेहनत का नशा करेंगे तो बाकी सारे गलत नशे खुद-ब-खुद छूट जाएंगे.'
अस्पताल की दवा से सस्ता है जिम का पसीना
आज के समय में जब युवा जिम जाने के लिए समय न मिलने का बहाना बनाते हैं. वहीं अमित कांवड़ के साथ ही जिम लेकर निकल पड़े हैं. अमित का कहना है कि आज की पीढ़ी गलत नशों की तरफ आकर्षित हो रही है जबकि शिव भक्ति और शारीरिक फिटनेस दोनों इंसान को अंदर और बाहर से मजबूत बनाते हैं. उनका साफ मैसेज है कि जिम में बहाया गया पसीना अस्पताल के लंबे-चौड़े बिलों और दवाओं से हमेशा सस्ता पड़ता है.
ये भी पढ़ें: क्या राजभर और निषाद मिलकर सपा के दिग्गज को हरा पाएंगे? समझिए अतरौलिया सीट का समीकरण
ADVERTISEMENT











