उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने गांव राजस्थान जा रहे एक कावड़िए ने आरोप लगाया है कि इमरान खान नाम के एक व्यक्ति की वजह से उसकी कांवड़ खंडित हो गई. 21 तारीख से भूखे-प्यासे जल लेकर चल रहे शिवभक्त का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उसने आरोप लगाया कि उसकी इतनी लंबी साधना को खराब कर दिया गया. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और सांप्रदायिक तनाव का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए ना सिर्फ मामले को शांत कराया बल्कि खुद नए गंगाजल और कांवड़ की व्यवस्था कराकर शिवभक्त को उसकी मंजिल की ओर रवाना किया.
ADVERTISEMENT
गाजियाबाद में कैसे बिगड़ा माहौल?
मामला गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र स्थित गुलधर का है. राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला एक कांवड़िया 21 तारीख की सुबह 5 बजे हरिद्वार से पवित्र गंगाजल उठाकर पैदल अपने गांव के शिवालय के लिए निकला था. 10 तारीख को जलाभिषेक करने के लक्ष्य से चल रहे इस कांवड़िए की कांवड़ गुलधर के पास कथित तौर पर इमरान खान नाम के एक शख्स से छू गई. कांवड़ खंडित होते ही मौके पर अफरातफरी और आक्रोश फैल गया.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
घटना के तुरंत बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पीड़ित कांवड़िया रो-रोकर अपना दर्द बयां करते हुए कह रहा है 'मैंने 21 तारीख से अब तक सिर्फ तीन स्टॉप लिए थे ताकि समय पर पहुंचकर जल चढ़ा सकूं. लेकिन गाजियाबाद में मेरी सारी मेहनत और साधना खराब कर दी गई...' कांवड़िए के आंसुओं और गुस्से को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण होने लगी.
पुलिस ने दोबारा तैयार कराई कांवड़
हंगामे की सूचना मिलते ही मधुबन बापूधाम थाने की पुलिस टीम और गश्त पर निकले अफसर तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कांवड़िए की धार्मिक आस्था का पूरा सम्मान किया 'पुलिसकर्मियों ने तुरंत नए पवित्र गंगाजल और नई कांवड़ का प्रबंध कराया. पूरी विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ कांवड़ को फिर से तैयार करवाया गया जिसके बाद संतुष्ट होकर कांवड़िया दोबारा अपनी यात्रा पर आगे बढ़ा.
पुलिस ने की अपील
मामले को लेकर पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया था और किसी भी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया गया. पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और शांति व सौहार्द बनाए रखें.
ADVERTISEMENT











