हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गुरुवार की सुबह सड़क किनारे अरुण और अभिषेक चौरसिया नाम के दो युवकों की खून से लथपथ लाशें बरामद हुईं. निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास हुए इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की खबर जैसे ही फैली पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. वारदात की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारों की तलाश में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है.
ADVERTISEMENT
सुबह 112 पर आई कॉल और मच गया हड़कंप
पुलिस के मुताबिक 30 जुलाई की सुबह करीब 9:40 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि अतरौली मार्ग स्थित आटामऊ गांव के पास जल जीवन मिशन की निर्माणाधीन पानी की टंकी से लगभग 500 मीटर दूरी पर दो युवकों के शव पड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई. क्षेत्राधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
मृतकों की हुई पहचान
शुरुआत में मृतकों की शिनाख्त को लेकर मशक्कत करनी पड़ी. लेकिन पुलिस की जांच-पड़ताल के बाद दोनों की पहचान हो सकी. पहले मृतक का नाम अरुण चौरसिया है जिसकी उम्र 26 साल है. रैसो गांव का रहने वाले अरुण चौरसिया पिकअप चलाने का काम करता था. वहीं दूसरे मृतक का नाम अभिषेक चौरसिया है जिसकी उम्र 27 साल है. दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर गहरे और गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है. जबकि स्थानीय ग्रामीणों के बीच गोली मारकर हत्या किए जाने की चर्चा है. मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा.
जांच में सामने आया कि दोनों युवक 29 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे काम के सिलसिले में घर से निकले थे. अरुण अपनी पिकअप गाड़ी से और अभिषेक अपनी बाइक से आटामऊ में बन रही पानी की टंकी पर काम करने आए थे. घटनास्थल पर दोनों के वाहन (पिकअप और बाइक) सड़क किनारे खड़े मिले जबकि उनके शव वाहनों से थोड़ी ही दूरी पर खून से लथपथ हालत में पड़े थे.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का अभी तक स्पष्ट रूप से खुलासा नहीं हो पाया है.
अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस की 3 विशेष टीमों का गठन किया गया है जो रंजिश, लेन-देन और व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी संभावित एंगलों से मामले की छानबीन कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है.
ADVERTISEMENT











