Sultanpur Ambulance Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. चंडीगढ़ में तैनात शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर एंबुलेंस उनके गृह जनपद देवरिया जा रही थी. इसी दौरान अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर पर हलियापुर थाना क्षेत्र में 79.6 किलोमीटर के पास एंबुलेंस की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई. इसके बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोगों की मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
एंबुलेंस में सवार थे शहीद के भाई, बेटा और भतीजा
शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान गलिया दुधैला गांव, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया के निवासी थे. उनका पार्थिव शरीर परिजन देवरिया लेकर जा रहे थे. एंबुलेंस में शहीद के भाई राजन चौधरी पुत्र भूपति सिंह, भतीजे राम समुझ पुत्र जयसिंह, बेटे गौरव सिंह पुत्र सत्यवान और चालक जसपाल सवार थे. बताया गया कि सुबह जब एंबुलेंस हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79.6 किलोमीटर पर पहुंची, तभी हादसा हो गया. टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
बेटे और चालक की मौके पर मौत
हादसे में शहीद के बेटे गौरव सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को इलाज के लिए सैय्या अस्पताल, पिठला कुमारगंज, जनपद अयोध्या ले जाया गया. इलाज के दौरान दोनों की भी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में ले लिया. शवों के पोस्टमार्टम समेत अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मृतकों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर थाना परिसर में सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा गया है.
CM योगी ने जताया दुख
सुल्तानपुर हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जनपद सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना भी की.
ADVERTISEMENT











