दशहरे से पहले गाजियाबाद के साहिबाबाद में बड़ा हादसा, रावण के पुतले में पटाखे भरते समय हुआ धमाका, 5 लोग घायल

मयंक गौड़

05 Oct 2026 (अपडेटेड: 05 Oct 2026, 12:29 PM)

गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर में सोमवार सुबह रामलीला के लिए रावण और कुंभकर्ण के पुतले तैयार करते समय बड़ा हादसा हो गया. शनि चौकी के पास स्थित एक सामुदायिक भवन में रावण के पुतले में पटाखे भरे जा रहे थे, इसी दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया.

Ghaziabad Blast News

Ghaziabad Blast News

Google CTA

Ghaziabad Blast News: गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर में सोमवार सुबह रामलीला के लिए रावण और कुंभकर्ण के पुतले तैयार करते समय बड़ा हादसा हो गया. शनि चौकी के पास स्थित एक सामुदायिक भवन में रावण के पुतले में पटाखे भरे जा रहे थे, इसी दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना में पांच लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इनमें दो घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और तीन को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल भेजा गया है. पुलिस के अनुसार घायलों में कुछ नाबालिग भी हैं. कुछ की हालत गंभीर बताई गई है जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं.

यह भी पढ़ें...

पुतले में भरे जा रहे थे पटाखे

पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ. लाजपत नगर में शनि चौकी के पास स्थित सामुदायिक भवन में आगामी दशहरे के लिए रामलीला के पुतले तैयार किए जा रहे थे. यहां रावण और कुंभकर्ण के पुतले बनाए जा रहे थे. इसी दौरान रावण के पुतले में दशहरे पर दहन के लिए पटाखे भरे जा रहे थे. पटाखे भरने की इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक छोटी आग लगी और इसके बाद पटाखों में ब्लास्ट हो गया. धमाके के बाद वहां काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया और घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

 

अनिल सिंह को मिला था पुतला बनाने का ठेका

एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के अनुसार पुलिस को सामुदायिक भवन में ब्लास्ट होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. शुरुआती जांच में पता चला कि वहां रामलीला के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था. पुतला बनाने का ठेका पिलखुवा निवासी अनिल सिंह को दिया गया था. उनके कारीगर और मजदूर सामुदायिक भवन में पुतले तैयार कर रहे थे. दशहरे के दौरान पुतला दहन के लिए उसमें पटाखे भरे जा रहे थे और इसी दौरान आग लगने से विस्फोट हो गया.

यह भी पढ़ें- विदेश में मुलाकात, शादी का वादा, फिर शारीरिक संबंध... दलित कार्यकर्ता डॉ. रोहिणी घावरी आज सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ जाएंगी कोर्ट!

 

पुलिस ने क्या बताया?

एसीपी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में यह मामला पटाखे बनाने या पटाखों का कारोबार करने से जुड़ा नहीं मिला है. पुलिस के मुताबिक सामुदायिक भवन में पटाखे बनाने का काम नहीं हो रहा था और न ही वहां पटाखों की बिक्री या कारोबार संचालित किया जा रहा था. वहां रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था और दहन के लिए उसमें पटाखे भरे जा रहे थे. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पटाखे भरते समय सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं. साथ ही आग लगने की वास्तविक परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है.

दो सफदरजंग और तीन जीटीबी भेजे गए

ब्लास्ट के बाद घायलों को तत्काल नजदीकी अंबे अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और तीन घायलों को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया. पुलिस के मुताबिक घायलों में कुछ माइनर हैं और कुछ की हालत गंभीर है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की है. एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुतले में पटाखे भरने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं और आग किस परिस्थिति में लगी, इन सभी पहलुओं की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- मां से मिलने आता था अनजान शख्स तो बेटे ने की रोक-टोक, नहीं माना तो उमेश ने कर दी वारदात! हिला देगा बांदा का केस