आजमगढ़ के मंदिर में की ये घिनौनी करतूत, 24 घंटे के अंदर पकड़ा गया ग्राम प्रधान का जेठ कमलेश यादव

यूपी तक

• 04:26 PM • 27 Jul 2026

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में बउरहवा बाबा मंदिर परिसर का कथित सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी कमलेश यादव को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. 

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से बउरहवा बाबा मंदिर परिसर का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल क्या हुआ, पुलिस महकमे से लेकर पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. वीडियो में एक युवती के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करते हुए साफ देखा जा सकता है.

यह भी पढ़ें...

घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित युवती के पिता ने तुरंत सिधारी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पिता ने पल्हनी निवासी कमलेश यादव पर अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म का संगीन आरोप लगाया है. आरोपी कमलेश यादव कोई आम शख्स नहीं, बल्कि स्थानीय ग्राम प्रधान का जेठ है. 

24 घंटे के भीतर पकड़ा गया आरोपी

मामला सामने आते ही सिधारी थाना पुलिस ने बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी कमलेश यादव के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया.

सिधारी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर 26 जुलाई को दोपहर करीब 2:50 बजे नामजद आरोपी कमलेश यादव को धर दबोचा. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के सामने पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

पुराना हिस्ट्रीशीटर है आरोपी कमलेश यादव

पुलिस की जांच में आरोपी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. लगभग 35 वर्षीय आरोपी कमलेश यादव (निवासी पल्हनी) का पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस विज्ञप्ति के मुताबिक, उस पर पहले से ही संगीन अपराधों के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं. एक ऐसा शख्स जिस पर पहले से ही गैंगस्टर और गुंडा एक्ट लगे हों, उसका बेखौफ होकर मंदिर जैसे पवित्र स्थान के पास ऐसी वारदात को अंजाम देना कई गंभीर सवाल खड़े करता है.

इस मामले पर पुलिस का क्या कहना है?

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था. पुलिस टीम ने 24 घंटे के अंदर नामजद आरोपी कमलेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना जारी है.

 

 

- शुभम तोड़ी, सीओ सिटी, आजमगढ़

फिलहाल, पुलिस वायरल वीडियो और पीड़ित पक्ष की शिकायत को आधार बनाकर पूरे मामले की वैज्ञानिक व कानूनी ढंग से विवेचना कर रही है. पुलिस का स्पष्ट कहना है कि जांच में जो भी नए तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.