संभल में बुर्के में कांवड़ लाने वाली तमन्ना पर फिर सख्ती, दोबारा यात्रा की खबर मिलते ही SDM कोर्ट ने भेजा नोटिस

अभिनव माथुर

• 11:39 AM • 04 Aug 2026

संभल में बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने वाली तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को एसडीएम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है.

Tamanna Malik Kanwar Yatra

Tamanna Malik Kanwar Yatra News

Google CTA

Tamanna Malik Kanwar Yatra: संभल में बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने वाली तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को एसडीएम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है. सावन में तमन्ना के दोबारा बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा पर निकलने की योजना की जानकारी के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया. शांति भंग होने की आशंका और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दंपति को 20 हजार रुपये के मुचलके (लिखित कानूनी आश्वासन) से पाबंद किया गया है. प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है.

यह भी पढ़ें...

तैयारी की जानकारी पर नोटिस

जानकारी के मुताबिक तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को एसडीएम कोर्ट की ओर से कारण बताओ नोटिस दिया गया है. तमन्ना ने इससे पहले भी बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा की थी और अब सावन में दोबारा यात्रा करने की योजना बना रही थीं. प्रशासन को इसकी जानकारी मिलने के बाद दोनों को नोटिस जारी किया गया. अधिकारियों ने शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्हें 20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया है.

हरिद्वार से लाई थीं 170 किमी कांवड़

संभल निवासी तमन्ना मलिक ने बीती महाशिवरात्रि पर बुर्का पहनकर हरिद्वार से करीब 170 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पूरी की थी. इसके बाद उन्होंने संभल के नैमिषारण्य तीर्थ पर जलाभिषेक किया था. वहीं, दी गई जानकारी के मुताबिक महाशिवरात्रि के मौके पर उन्होंने क्षेम नाथ मंदिर में भी जलाभिषेक किया. तमन्ना ने करीब साढ़े तीन साल पहले हिंदू युवक अमन त्यागी से शादी की थी. बताया गया कि शादी सफल होने की मन्नत पूरी होने के बाद उन्होंने यह कांवड़ यात्रा की थी.

धमकी का लगाया था आरोप

बुर्का पहनकर कांवड़ लाने और जलाभिषेक करने के बाद तमन्ना ने सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने का आरोप लगाया था. इसके बाद उन्होंने मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई थी. इसी वजह से प्रशासन इस बार उनकी यात्रा को लेकर पहले से सतर्क नजर आ रहा है. अधिकारियों की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं.

जियाउर्रहमान बर्क ने जताई थी आपत्ति

तमन्ना के बुर्के में कांवड़ लाने के मामले पर समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने इसे कम ज्ञान के कारण उठाया गया गलत कदम बताया था. हालांकि, तमन्ना और उनके पति अमन त्यागी ने विरोध को दरकिनार करते हुए अपनी आस्था को धर्म की सीमाओं से ऊपर बताया. अब सावन में दोबारा कांवड़ यात्रा की योजना के बीच प्रशासन के नोटिस से यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.