सपनों के शहर मुंबई में आयोजित 'रूबरू मिस्टर इंडिया 2026' प्रतियोगिता में हर्षित सोलंकी अपनी प्रतिभा का डंका बजाया है. बागपत जिले के रहने वाले युवा मॉडल हर्षित सोलंकी ने देश भर के हजारों प्रतियोगियों को पछाड़कर 'मिस्टर ग्लोबल इंडिया 2026' का खिताब अपने नाम कर लिया है. अब हर्षित सितंबर-अक्टूबर में थाईलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय 'मिस्टर ग्लोबल' प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
ADVERTISEMENT
6 से 7 हजार प्रतियोगियों के बीच बनाई जगह
मूल रूप से बागपत के बिनौली क्षेत्र स्थित जीवाणा गुलियान गांव के रहने वाले हर्षित वर्तमान में गाजियाबाद में रहते हैं. इस बड़ी उपलब्धि के सफर के बारे में बात करते हुए हर्षित ने बताया कि 'इस प्रतियोगिता में देश भर से लगभग 6000 से 7000 युवाओं ने भाग लिया था जिनमें से जजों ने फाइनल के लिए सिर्फ 17 टॉप कैंडिडेट्स को छांटा.
गोवा में हुए 5 दिनों के इस कॉम्पिटिशन में सिर्फ लुक्स ही नहीं बल्कि स्विमवियर, ट्रेडिशनल, फॉर्मल वियर, फिटनेस, पर्सनल इंटरव्यू और आईक्यू टेस्ट के जरिए प्रतियोगियों की परख की गई.
कैंसर सर्वाइवर मां हैं मेरी सबसे बड़ी इंस्पिरेशन-हर्षित
अपनी इस सफलता का श्रेय हर्षित सोलंकी अपनी मां को देते हैं जो एक कैंसर सर्वाइवर हैं. हर्षित ने बताया 'मेरी जिंदगी में मेरी सफलता की चाबी मेरी मां हैं. मुझे आज भी याद है जब वह अस्पताल में डेथ बेड पर थीं, तब उन्होंने मुझसे कहा था कि बेटा, मैं हार नहीं मानूंगी और तुम्हें भी जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए.' मां की वही बात मेरी सबसे बड़ी मोटिवेशन बनी और उनके नक्शेकदम पर चलते हुए ही आज मैं यहां तक पहुंचा हूं' इसके साथ ही हर्षित ने अपने मेंटर पंकज खरबंदा सर, अपने भाई और जजों का भी आभार जताया जिन्होंने उन पर भरोसा दिखाया.
थाईलैंड में 70 से ज्यादा देशों के बीच लहराएंगे तिरंगा
जनवरी 2026 में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से शुरू हुआ हर्षित का यह सफर अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच चुका है. हर्षित अब थाईलैंड में आयोजित होने वाले 'मिस्टर ग्लोबल' कॉम्पिटिशन में भाग लेंगे जहां दुनिया भर के 70 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. हर्षित का कहना है कि उन्होंने अपनी फिटनेस, फिजिक, कम्यूनिकेशन और पर्सनालिटी पर रात-दिन काम किया है. युवाओं को मैसेज देते हुए उन्होंने कहा कि अगर आप किसी लक्ष्य को सच्चे दिल से ठान लो तो पूरी कायनात उसे पूरा करने में जुट जाती है.
ADVERTISEMENT











