उत्तर प्रदेश के अमेठी में हुए अंकित कश्यप हत्याकांड का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. 3 अगस्त की शाम अंकित कश्यप नाम के युवक को घर में बंद करके उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. हमलावरों ने पहले अंकित को घर में बंद किया फिर धारदार हथियार से उसकी आंख निकाली और प्राइवेट पार्ट काट दिया. इस खौफनाक घटना के बाद परिजन अंकित को अस्पताल ले गए. लेकिन उसकी मौत हो गई. अंकित की मौत की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. खबर में आगे जानिए आखिर वो लोग कौन थे जिन्होंने अंकित कश्यप को खौफनाक मौत दी. साथ ही इसके पीछे की क्या वजह थी.
ADVERTISEMENT
कौन हैं आरोपी और क्यों की अंकित की हत्या?
अंकित कश्यप ने साल 2023 में श्वेता यादव से शादी की थी. श्वेता के घरवाले इस अंतरजातीय प्रेम विवाह के सख्त खिलाफ थे. शादी के बाद श्वेता और अंकित के दो बच्चे भी हुए. श्वेता के माता-पिता दिल्ली में रहते थे जबकि उसके चाचा, दादा और परिवार के अन्य लोग गांव में ही रहते थे. श्वेता का परिवार इस शादी को लेकर लगातार रंजिश और बदले की आग में जल रहा था.
हाल ही में जब श्वेता अपने बच्चों के साथ दिल्ली में अपने माता-पिता से मिलने गई हुई थी तब मौका पाकर श्वेता के चाचा, दादा और उनकी पत्नी समेत अन्य लोगों ने साजिश रची. उन्होंने घर में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया और फिर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
अपनों ने ही छीन लिया मेरा सुहाग-श्वेता
यूपी Tak के रिपोर्टर अभिषेक त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर जब श्वेता यादव से बात की तो उन्होंने रोते हुए आरोपियों का सच उजागर किया. श्वेता ने बताया कि 'हमारे चाचा, दादा और उनकी पत्नी ने मिलकर मेरे पति को कमरे में बंद करके मार डाला. अब वे मुझे और मेरे पूरे परिवार को भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. जब पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखई यादव के पैर में गोली मारकर हाफ एनकाउंटर का नाटक किया तो क्या उससे मेरा पति वापस आ जाएगा? पैर में गोली खाने के बाद आरोपी तो जिंदा है लेकिन मेरे बच्चों का बाप कौन लौटाएगा?'
श्वेता यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे गुहार लगाते हुए मांग की है कि हत्या में शामिल सभी चारों आरोपियों का फुल एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए.
वहीं स्थानीय पुलिस (CO) का कहना है कि सभी नामजद अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है. लाठीचार्ज के आरोपों की जांच की बात कही गई है.
ADVERTISEMENT











