बारिश में अंतिम संस्कार के लिए तरसे ग्रामीण: श्मशान घाट पर न व्यवस्था, न पहुंचने का रास्ता

सहारनपुर: सहारनपुर के सढौली कदीम ब्लॉक के फरकपुर गांव में श्मशान घाट पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बारिश के बीच अंतिम संस्कार तक मुश्किल हो गया है.

यूपी तक

• 05:34 PM • 20 Mar 2026

follow google news

सहारनपुर: ब्लॉक सढौली कदीम अंतर्गत ग्राम पंचायत खुशहालपुर के मजरा फरकपुर से एक गंभीर समस्या सामने आई है, जहां आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव साफ दिखाई देता है. गांव के जंगल में स्थित श्मशान घाट पर शवदाह गृह का निर्माण नहीं कराया गया है और न ही वहां टीन शेड की व्यवस्था है. जबकि सरकार द्वारा इसके लिए बजट और स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं.

यह भी पढ़ें...

थाना मिर्जापुर क्षेत्र के फरकपुर निवासी 30 वर्षीय राहुल पुत्र ओमीचंद का बीती रात करीब 2 बजे लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. लगातार हो रही बारिश के कारण परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार को लेकर भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं. खुले आसमान के नीचे अंतिम संस्कार संभव नहीं होने के चलते सभी बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता भी बेहद खराब स्थिति में है. रास्ता इतना संकरा और जर्जर है कि चार लोग मिलकर शव को ठीक से ले जाना भी मुश्किल हो जाता है. मजबूरन पगडंडियों से होकर गुजरना पड़ता है. ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान अकरम पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. 

उनका कहना है कि यदि समय रहते श्मशान घाट पर शवदाह गृह और शेड की व्यवस्था कर दी जाती, तो आज इस तरह की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता. गांव में अंतिम संस्कार जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता.

यह भी पढ़ें: अमेठी के एआरओ ऑफिस ट्रांसफर पर शुरू हुई सियासत, सांसद ने लोकसभा में उठाया मुद्दा,रक्षामंत्री को लिखा पत्र