यूपी कॉलेज में सूर्य प्रताप सिंह पर गोलियां बरसाने वाले मंजीत चौहान पर आ गया पर बड़ा फैसला, हुआ क्या?

UP College Varanasi murder case: मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को 14 दिनों की जेल. कोर्ट परिसर में लंगड़ाता दिखा आरोपी, 4 गोलियां मारकर की थी छात्र की हत्या.

Manjeet Chauhan

रोशन जायसवाल

22 Mar 2026 (अपडेटेड: 22 Mar 2026, 10:09 AM)

follow google news

वाराणसी के यूपी कॉलेज में बीएससी सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूर सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी मंजीत चौहान पर कानून का शिकंजा कस गया है. स्पेशल जज रिमांड सौम्या पांडे ने आरोपी मंजीत को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है. अब उसे वाराणसी के चौका घाट स्थित जिला जेल ले जाया गया है.

यह भी पढ़ें...

लंगड़ाता हुआ दिखा आरोपी मंजीत

पेशी के दौरान एक गौर करने वाली बात यह रही कि जब पुलिस मंजीत चौहान को लेकर कोर्ट से बाहर निकली और जेल की तरफ ले जाने लगी, तो वह लंगड़ाता हुआ दिखाई दिया. मीडिया ने जब उससे सवाल पूछा कि "क्यों सूर्य प्रताप को गोली मारकर मौत के घाट उतारा?", तो मंजीत ने कोई जवाब नहीं दिया और पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गई.

दो सिर में और दो छाती में मारी थी गोलियां

बता दें कि मंजीत चौहान पर आरोप है कि उसने छात्र सूर्य प्रताप सिंह को बेहद बेरहमी से चार गोलियां मारी थीं. इसमें से दो गोली सूर्य प्रताप के सिर में और दो गोली उसकी छाती में लगी थीं. हत्या इतनी निर्मम थी कि सूर्य प्रताप की इलाज के दौरान ही मौत हो गई.इस पूरी सनसनीखेज घटना का मोबाइल वीडियो भी सामने आया था, जिसे कॉलेज में मौजूद छात्रों ने ही बनाया था.

हत्या से पहले लगाई थी माफिया वाली इंस्टा स्टोरी

इस हत्याकांड के बाद मंजीत चौहान की एक इंस्टाग्राम स्टोरी भी काफी चर्चा में रही. मंजीत ने सूर्य प्रताप की हत्या करने से महज चंद घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर लगाई थी, जिसमें उसने खुद को माफिया बताया था. इस हत्याकांड ने वाराणसी से लेकर गाजीपुर तक कोहराम मचा दिया था.

अनुज ठाकुर पर भी दर्ज है मुकदमा

पुलिस ने इस मामले में मंजीत चौहान के साथ अनुज ठाकुर पर भी मुकदमा दर्ज किया है. फिलहाल, मंजीत को 14 दिनों की रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और अब पुलिस मामले के अगले पहलुओं की जांच कर रही है.