सहारनपुर: नवरात्रि के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यह अभियान आयुक्त, जिलाधिकारी और सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) के निर्देशों पर संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करना है।
ADVERTISEMENT
अभियान के तहत देवबंद रोड और ननौता क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवनाथ सिंह ने पवन सिंह के प्रतिष्ठान से कुट्टू के आटे का नमूना लिया। वहीं गंगोह क्षेत्र में एफएसओ जगदंबा प्रसाद ने लखनौती रोड स्थित एक प्रतिष्ठान और नवीन मंडी से कुट्टू आटे के नमूने संकलित किए। जनता रोड पर सुमन पाल ने प्रमोद गोयल के प्रतिष्ठान से मखाने का नमूना लिया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया
मिलावट पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
नागल के मुख्य बाजार में एफएसओ जवाहरलाल ने कुट्टू आटा और महेश कुमार ने चौलाई का नमूना भरा। विभाग ने बताया कि कुट्टू के आटे में नमी के कारण फफूंद लगने से विषाक्तता का खतरा रहता है, जिससे उल्टी, दस्त और चक्कर जैसे लक्षण हो सकते हैं। साथ ही पुराने स्टॉक को नए पैक में बेचने को गंभीर अपराध बताया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि मिलावट पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ADVERTISEMENT









