मंजीत चौहान तो गया जेल लेकिन कहां छिपा है अनुज ठाकुर? सूर्य सिंह को मारने वाला दूसरा विलेन अब भी फरार

Manjeet Chauhan Partner Anuj: यूपी कॉलेज मर्डर केस का दूसरा आरोपी अनुज ठाकुर उर्फ अनुज फायर अब भी फरार. मुख्य आरोपी मंजीत चौहान 14 दिन की रिमांड पर जेल. बीए छात्र अनुज पर मंजीत का साथ देने का आरोप.

UP College murder case update

रोशन जायसवाल

22 Mar 2026 (अपडेटेड: 22 Mar 2026, 03:40 PM)

follow google news

Manjeet Chauhan Partner Anuj: यूपी कॉलेज के कैंपस में जब गोलियां तड़तड़ाईं तो पूरा सिस्टम सन्न रह गया. इस हत्याकांड में पुलिस की एफआईआर में दो प्रमुख नाम दर्ज हैं मंजीत चौहान और अनुज ठाकुर. जहां मंजीत ने ट्रिगर दबाकर सूर्य प्रताप की जान ली. वहीं अनुज ठाकुर पर मंजीत का साथ देने और इस साजिश में शामिल होने का आरोप है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मंजीत तो साफ दिख रहा है. लेकिन वारदात के वक्त उसके साथ मौजूद अनुज ठाकुर अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. वाराणसी के शिवपुर का रहने वाला अनुज जिसे उसके साथी अनुज फायर के नाम से बुलाते हैं. फिलहाल फरार है और पुलिस की 6 टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं.

यह भी पढ़ें...

 कौन है अनुज फायर उर्फ अनुज ठाकुर?

अनुज ठाकुर यूपी कॉलेज का ही छात्र है और बीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा है. वह वाराणसी के शिवपुर स्थित बसनी इलाके का रहने वाला है. जांच में सामने आया है कि अनुज और मंजीत बेहद करीबी दोस्त थे और कॉलेज में दबंगई के लिए जाने जाते थे. अनुज का पारिवारिक बैकग्राउंड बहुत मजबूत नहीं है.लेकिन उसका स्वैग और दबंगई किसी माफिया से कम नहीं थी. घटना वाले दिन वह मंजीत के साथ ही बाइक पर आया था और हत्या के बाद दोनों साथ ही फरार हुए थे.

वर्चस्व की लड़ाई और माफिया बनने का शौक

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी वारदात दो छात्र गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थी. मंजीत चौहान खुद को माफिया कहलवाना पसंद करता था और इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो के साथ माफिया शब्द का इस्तेमाल करता था. अनुज ठाकुर भी इसी मानसिकता के साथ मंजीत का साया बनकर रहता था. पुलिस का मानना है कि अनुज की गिरफ्तारी से इस बात का खुलासा होगा कि आखिर मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप कैसे ले लिया.

क्यों लंगड़ा रहा था मुख्य आरोपी मंजीत?

रविवार को जब मंजीत चौहान को कोर्ट लाया गया तो वह लड़खड़ाता हुआ दिखा. उसके चेहरे पर मास्क था और वह ठीक से चल नहीं पा रहा था. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को हत्या करने के बाद जब गुस्साए छात्रों ने उसे घेरने की कोशिश की तो पकड़े जाने के डर से वह एक ऊंची छत से कूद गया था. ऊंचाई से गिरने की वजह से उसके पैर में गंभीर चोट आई है.कोर्ट परिसर में सुरक्षा इतनी कड़ी थी कि पुलिस वाले उसे कंधे पर टांग कर दौड़ते हुए ले गए.

छात्रों की मांग

यूपी कॉलेज के छात्र अब भी आक्रोशित हैं. उनकी मांग है कि फरार आरोपी अनुज ठाकुर को जल्द से जल्द पकड़ा जाए. साथ ही मृतक सूर्य प्रताप सिंह के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग भी की जा रही है. कैंपस में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है.