Mathura Police Alert: कोसीकलां थाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण हुई सड़क दुर्घटना में चंद्रशेखर उर्फ 'फरसा बाबा' की मृत्यु हो गई थी. इस घटना को लेकर कुछ अराजक और बाहरी तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाई गईं जिसके चलते छाता क्षेत्र में कुछ लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर पथराव किया. इस घटना के बाद उत्पन्न स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सक्रिय कदम उठाए. इस संबंध में छाता थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया.
ADVERTISEMENT
वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मथुरा पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में युवाओं, विशेषकर गौरक्षकों तथा संगठनों जैसे राष्ट्रीय भगवा दल और हिंदू जागरण मंच के सदस्यों के साथ बैठकें आयोजित कीं. इन बैठकों का उद्देश्य आपसी संवाद को मजबूत करना और समय रहते संवेदनशील सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित करना था ताकि किसी भी संभावित तनावपूर्ण स्थिति को पहले ही नियंत्रित किया जा सके.
सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील
बैठक में अधिकारियों ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की. साथ ही झूठी अफवाहों से दूर रहने, पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने पर जोर दिया गया. सभी से अनुरोध किया गया कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी को न फैलाएं जिससे जनपद की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.
ADVERTISEMENT









