Saharanpur News:सहारनपुर थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के एक गांव के युवक का हथियारों से लैस वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक हथियार लहराते हुए धमकी भरे डायलॉग बोलता नजर आ रहा है जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है. वीडियो में दिखाए गए हथियारों के लाइसेंस वाले होने या अवैध होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
ADVERTISEMENT
हालांकि यह स्पष्ट है कि युवक ने अपना भौकाल दिखाने के लिए खुद ही यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर वायरल किया है. सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक युवाओं पर सवार होती जा रही है. छोटी-छोटी बातों में ताकत का प्रदर्शन करने और लाइक्स-व्यूज के चक्कर में ऐसे वीडियो बनाकर अपलोड करने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं जो कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन रही हैं.
वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू
पुलिस सूत्रों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. हथियारों की वैधता की जांच के साथ ही युवक की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यदि हथियार अवैध पाए गए तो युवक पर आर्म्स एक्ट के तहत सख्त धाराएं लगाई जा सकती हैं. यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और युवाओं में बढ़ रही दिखावे की प्रवृत्ति की ओर इशारा कर रही है.
पुलिस ने की अपील
पुलिस ने सभी युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे वीडियो बनाने और शेयर करने से बचें. क्योंकि इससे न केवल कानूनी परेशानी हो सकती है बल्कि पूरे परिवार की बदनामी भी हो सकती है.
ADVERTISEMENT









