Saharanpur News: सहारनपुर के सदर थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने पति को कथित रूप से दूसरी महिला के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया. यह घटना पेपर मिल रोड इलाके की बताई जा रही है, जहां कुछ ही देर में भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा.
ADVERTISEMENT
पीड़िता पूजा जैन, निवासी वाजेदरपुरी कॉलोनी, सहारनपुर, ने आरोप लगाया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में गौरव जैन के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा है. महिला का कहना है कि उसके साथ कई बार मारपीट की गई और उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई.
महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि उसका पति उसे देह व्यापार के लिए मजबूर करता था. पीड़िता के अनुसार, 5 अप्रैल को उसे सूचना मिली कि उसका पति पेपर मिल रोड के पास किसी दूसरी महिला के साथ मौजूद है. सूचना पर मौके पर पहुंचकर उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया, जिसके बाद वहां जमकर विवाद हुआ.
पूजा जैन का यह भी आरोप है कि उसके पति ने उसके गहने दूसरी महिला को दे दिए हैं. घटना के दौरान मौके पर काफी भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस आरोपी पति को पूछताछ के लिए थाने ले गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़िता की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









