Saharanpur wedding crime incident: शहर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित 62 फुटा रोड के हैदराबाद पैलेस में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान एक महिला का पर्स चोरी हो गया. इस घटना से समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक युवक बड़ी चतुराई से महिला के पास पहुंचता है और मौका देखकर उसका पर्स उठाकर वहां से फरार हो जाता है. घटना इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी.
ADVERTISEMENT
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही समारोह में मौजूद था और मौका मिलने का इंतजार कर रहा था.
पुलिस की आम लोगों से अपील
प्रकरण की जांच प्रभारी निरीक्षक कुतुबशेर द्वारा की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे आयोजनों में अपने कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
ADVERTISEMENT









