Saharanpur latest news: सहारनपुर जिला महिला अस्पताल में भीड़ नियंत्रण और बेहतर व्यवस्था के लिए टोकन सिस्टम लागू कर दिया गया है. इस नई व्यवस्था से अब तीमारदार मरीजों से 24 घंटे कभी भी मिल सकेंगे. पहले की समय-सीमा वाली व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
ADVERTISEMENT
महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में लंबे समय से बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन पूरी तरह सफलता नहीं मिल पा रही थी. इसी को देखते हुए टोकन व्यवस्था शुरू की गई है, जिसका प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है. इस सिस्टम के लागू होने के बाद भीड़ में काफी कमी आई है और व्यवस्थाएं बेहतर हुई हैं.
एक मरीज के साथ एक तीमारदार ही वार्ड में रहेगा
नई व्यवस्था के तहत एक मरीज के साथ एक समय में केवल एक तीमारदार ही वार्ड में रह सकेगा. यदि दूसरा व्यक्ति मिलना चाहता है, तो वह टोकन लेकर अंदर प्रवेश करेगा और पहला व्यक्ति बाहर आ जाएगा. इससे अस्पताल में अनावश्यक भीड़ कम होगी.
“टोकन सिस्टम से सफाई बेहतर हुई”
सीएमएस ने बताया कि पहले भीड़ अधिक होने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित होती थी और संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता था. अब टोकन सिस्टम से सफाई बेहतर हुई है और संक्रमण के खतरे भी कम हुए हैं. इस व्यवस्था से कहा-सुनी और मारपीट जैसी घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है. साथ ही, यदि कोई टोकन खो देता है, तो उसे जुर्माना भी देना होगा.कुल मिलाकर, यह नई व्यवस्था मरीजों और तीमारदारों दोनों के लिए राहत लेकर आई है और अस्पताल प्रबंधन को भी सुचारू संचालन में मदद मिल रही है.
ADVERTISEMENT









