अम्मी-पापा चिल्लाता रहा मासूम फिर भी नहीं पिघला दिल... सहारनपुर के मदरसे के अंदर बच्चे का पीट-पीटकर मौलाना ने कर दिया ये हाल

Maulana Beats Student Video: सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के एक मदरसे में मासूम बच्चे की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल. मौलाना द्वारा बच्चे को 'थर्ड डिग्री टॉर्चर' देने और डंडों से पीटने की तस्वीरों ने लोगों को झकझोर दिया है.

Saharanpur Viral Video

राहुल कुमार

04 Apr 2026 (अपडेटेड: 04 Apr 2026, 12:27 PM)

follow google news

Maulana Beats Student Video: सहारनपुर के एक मदरसे से रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में मौलाना एक मासूम बच्चे को बेरहमी की तरह पीटता हुआ नजर आ रहा है. तालीम देने के नाम पर मौलाना डंडे से बच्चे पर तब तक वार करता है जब तक वह बेसुध नहीं हो जाता. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक छोटा बच्चा जमीन पर पड़ा चीख रहा है और खुद को बचाने की गुहार लगा रहा है. वह बार-बार 'अम्मी-पापा' चिल्लाता है. लेकिन मौलाना का पत्थर दिल नहीं पसीजता. डंडा एक बार जो उठा तो रुकने का नाम नहीं लेता. यह वीडियो इतना विचलित करने वाला है कि इसे पूरा देख पाना भी मुश्किल है. सवाल यह उठ रहा है कि क्या मदरसों में शिक्षा के नाम पर बच्चों को इस तरह का शारीरिक और मानसिक अत्याचार सहना होगा?

यह भी पढ़ें...

रोंगटे खड़े कर देने वाली हैवानियत

यह पूरा मामला सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र का बताया जा रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि दो लोग वहां बैठे हैं और बच्चे पर लगातार प्रहार कर रहे हैं. वहीं एक तीसरा व्यक्ति इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर रहा है. वीडियो में मौलाना बच्चे से चिल्लाकर पूछ रहा है 'कौन सी मुसीबत है तेरे यहा से भागने की?' इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि बच्चा शायद मदरसे के माहौल या डर की वजह से वहां से भागने की कोशिश कर रहा था. जैसे ही यह वीडियो स्थानीय लोगों तक पहुंचा, उनमें भारी गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने आरोपी मौलाना के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

पुलिस की कार्रवाई

मामला संज्ञान में आते ही पुलिस सक्रिय हो गई है. एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है. अगर वीडियो सही पाया जाता है और घटना की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह वीडियो कब का है और पीड़ित बच्चा वर्तमान में किस स्थिति में है.