Saharanpur News: 'अपने ही घर में जाने से डर रहा...' सहारनपुर में दबंगों के हमले से त्रस्त परिवार DM कार्यालय पर धरने पर बैठा, घायल अस्पताल में भर्ती

Saharanpur News Today: सहारनपुर के हसनपुर में दबंगों का कहर; पीड़ित परिवार को गांव में घुसने से रोका, घर और वाहनों में तोड़फोड़। न्याय के लिए परिवार ने डीएम कार्यालय पर दिया धरना, निष्पक्ष जांच की मांग.

Newzo

• 04:01 PM • 06 Apr 2026

follow google news

Saharanpur News Today: थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हसनपुर दरा कोटटला निवासी एक परिवार ने जिला अधिकारी (DM) कार्यालय पर धरना देकर न्याय की गुहार लगाई है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोग कई दिनों से उन्हें गांव में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं. जैसे ही वे अपने घर जाने का प्रयास करते हैं, आरोपित उन पर हमला कर देते हैं. इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

यह भी पढ़ें...

पीड़िता के अनुसार, विपक्षीगणों ने उनके घर पर आकर हमला किया, घर के बाहर खड़े ऑटो और ई-रिक्शा को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया. इतना ही नहीं, परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला भी किया गया, जिसमें कुछ लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं. पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत थाना कोतवाली देहात और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहारनपुर से भी की, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. 

सुरक्षा के साथ आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग

हालात इतने खराब हैं कि परिवार अपने ही घर में जाने से डर रहा है, क्योंकि आरोपित ईंट-पत्थरों से हमला कर देते हैं. न्याय न मिलने से आक्रोशित परिवार ने डीएम कार्यालय पर धरना शुरू कर दिया है. उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए, परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए और पुलिस बल के साथ उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाया जाए. साथ ही, मामले की निष्पक्ष जांच किसी अन्य थाने से कराने की भी मांग की गई है.