Saharanpur Digital Fraud: सहारनपुर: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम टीम ने जनवरी 2026 से 22 अप्रैल 2026 तक साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों को ₹68 लाख से अधिक की धनराशि वापस कराई है.
ADVERTISEMENT
पुलिस अधीक्षक नगर/नोडल अधिकारी (साइबर अपराध) एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश सिंह के नेतृत्व में टीम लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है. इसी का परिणाम है कि ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों को फ्रीज/होल्ड कराया गया और ठगी गई रकम को सुरक्षित किया गया.
आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में साइबर थाने पर कुल ₹2,27,12,371 की धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं. इनमें से ₹92,32,544 की धनराशि को समय रहते होल्ड कराया गया, जबकि ₹68,15,659 की राशि पीड़ितों के खातों में सफलतापूर्वक वापस कराई गई.
वियोम बिंदल एसपी सिटी कहना है कि यह उपलब्धि तकनीकी दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता का परिणाम है. साइबर टीम शिकायत मिलते ही संबंधित बैंक और एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तेजी से कार्रवाई कर रही है, जिससे पीड़ितों को राहत मिल रही है. सहारनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. साथ ही लोगों को सचेत करते हुए कहा गया है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें, ताकि ठगी से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT









