UP News: बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा के रुझानों में ममता बनर्जी और एमके स्टालिन को करारी हार मिलती दिखाई दे रही है. अभी तक के रुझानों में बंगाल में भाजपा तो वहीं तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी जबरदस्त प्रदर्शन करती हुई दिखाई दे रही है. अब इसी को लेकर यूपी में भी सियासी बयान बाजी शुरू हो गई हैं.
ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बंगाल और तमिलनाडु चुनाव को लेकर सपा चीख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. सोशल मीडिया X पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इसको लेकर ट्वीट किया है.
अखिलेश पर साधा निशाना
सोशल मीडिया X पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, सपा बहादुर अखिलेश यादव को अब जनता सुनने को तैयार नहीं है. उनके तमिलनाडु वाले भैया एम. के. स्टालिन और बंगाल की दीदी ममता बनर्जी को भी जनता ने हाशिए पर धकेल दिया है.
उन्होंने आगे लिखा, उनके 'भैया राहुल गांधी का हाल पहले ही सब देख चुके हैं, और हाल ही में बिहार में तेजस्वी यादव भी चारों खाने चित्त हो चुके हैं. केशव प्रसाद मौर्य ने आगे लिखा, ‘अब सपा बहादुर को 2027 में उत्तर प्रदेश में सत्ता के सपने देखना छोड़ देना चाहिए. सच यह है कि प्रधानमंत्री मोदी के करिश्माई नेतृत्व में सपा बहादुर के हिस्से अब केवल अंतहीन इंतज़ार ही लिखा है.
आपको बता दें कि अभी तक के रुझानों में पश्चिम बंगाल में भाजपा को 185 से अधिक सीट मिलती हुई दिखाई दे रही हैं. ममता की पार्टी टीएमसी के खाते में 100 के करीब सीट जाती हुई दिख रही हैं. दूसरी तरफ तमिलनाडु में विजय की पार्टी करीब 110 सीटों पर आगे दिख रही है तो वहीं स्टालिन की डीएमके के खाते में 58 के आस-पास ही सीट जाती हुई दिखाई दे रही है.
ADVERTISEMENT









