उत्तर प्रदेश की राजनीति में 'पीडीए' - यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक का नारा एक बड़े स्ट्रैटेजिक कदम और सामाजिक गठजोड़ के रूप में पेश किया जा रहा है. अखिलेश यादव इसे एक समावेशी राजनीतिक मॉडल बताकर आगे बढ़ा रहे हैं, जहां हर वंचित वर्ग को प्रतिनिधित्व मिलने का दावा जोर-शोर से किया जा रहा है. लेकिन, जैसे-जैसे उनकी यह स्ट्रैटेजी जमीन पर उतर रही है, वैसे-वैसे इसके भीतर के अंतर्विरोध भी सामने आने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
खासकर गैर-यादव पिछड़ा राजनीति के संदर्भ में यह सवाल अब केवल राजनीतिक विमर्श का हिस्सा नहीं, बल्कि सामाजिक असंतोष की अभिव्यक्ति बन चुका है. यही कारण है कि कुछ दिनों से प्रदेश में इसी विषय पर लगातार चर्चा-परिचर्चाओं का दौर चल रहा है और इससे जुड़ी खबरें मीडिया संस्थानों की सुर्खियां बटोर रही हैं.
पीडीए बनाम प्रतिनिधित्व की सच्चाई - क्या है सवाल उठने का कारण?
प्रदेश में एक ओर समाजवादी पार्टी और खुद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा ये दिखाने की कोशिश होती है कि समाज में पीडीए के साथ न्याय नहीं हो रहा है. उन्हें प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है और उनकी सुनवाई नहीं हो रही है, मगर यही वह बिंदु है जहां योगी सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर जैसे नेता इस पूरे नैरेटिव को सीधी चुनौती देते नजर आते हैं.
उनका तर्क केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि वे इसे ऐतिहासिक और सामाजिक संदर्भ में रखकर देखते हैं. राजभर का स्पष्ट कहना है कि बहुजन राजनीति को किसी एक जातीय ढांचे में समेट देना, उस पूरी अवधारणा के साथ अन्याय है.
जब वे यह सवाल उठाते हैं कि “क्या बहुजन राजनीति का अर्थ केवल एक जाति विशेष की सत्ता तक सीमित हो गया है?”, तो यह केवल आरोप नहीं बल्कि एक वैचारिक चुनौती है.
यही कारण है कि उनके बयान अब केवल राजनीतिक कटाक्ष नहीं रह गए हैं, बल्कि वे उस वर्ग के भीतर गूंज पैदा कर रहे हैं जो लंबे समय से खुद को हाशिए पर महसूस करता रहा है.
हरदोई प्रकरण: जब बयान और व्यवहार के बीच का अंतर हुआ स्पष्ट
हरदोई के शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड ने इस बहस को एक ठोस उदाहरण दे दिया. 13 अप्रैल हुई इस घटना के बाद गुरुवार को अखिलेश यादव खुद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला बोला और सीबीआई जांच की मांग की, जबकि आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं और मामले की जांच प्रक्रिया सही गति से चल रही है.
खैर, इस मामले को उन्होंने महिला सुरक्षा और सामाजिक न्याय के बड़े मुद्दे से जोड़ने की कोशिश की और अपने पीडीए नैरेटिव के तहत इसे स्थापित करने का प्रयास किया. यहां तक सब कुछ एक राजनीतिक रणनीति के तहत अपेक्षित भी था. लेकिन इसी दौरे के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे कार्यकर्ताओं के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते दिखाई दिए.
यहीं से पूरा नैरेटिव बदलने लगा. सवाल यह उठने लगा कि क्या संवेदनशील घटनाओं पर राजनीतिक प्रतिक्रिया और व्यक्तिगत व्यवहार के बीच अंतर नहीं होना चाहिए?
इसी बिंदु पर ओम प्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला. उनका बयान था, “अगर वे किसी यादव के यहां जाते तो ऐसा नहीं करते… वहां मौन रहते, लेकिन यहां हंसी-ठिठोली कर रहे हैं.”
यह टिप्पणी केवल एक वीडियो की प्रतिक्रिया नहीं थी, बल्कि उसने उस धारणा को सार्वजनिक रूप से व्यक्त कर दिया, जो पहले केवल निजी बातचीत तक सीमित रहती थी.
‘वोट हमारा, राज तुम्हारा’- नाराजगी का राजनीतिक अनुवाद
राजभर का अगला बयान इस पूरी बहस का केंद्र बन गया - “वोट हमारा, राज तुम्हारा!”यह केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह उस असंतोष का राजनीतिक अनुवाद है जो गैर-यादव पिछड़े वर्ग के भीतर वर्षों से मौजूद रहा है.
जब वे कहते हैं कि “गरीब-गुरबा की पीठ पर यादवों की लाठी के निशान हैं”, तो यह बयान एक वर्गीय अनुभव को शब्द देता है. यहां यह भी समझना जरूरी है कि अखिलेश यादव का पीडीए मॉडल इसी वर्ग को साथ लाने का प्रयास करता है, लेकिन अगर उसी वर्ग के भीतर से इस तरह की प्रतिक्रिया आने लगे, तो यह उस मॉडल की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करता है.
अनिल राजभर का हमला - जब व्यवहार राजनीति पर भारी पड़ा
इस पूरे घटनाक्रम में अनिल राजभर की प्रतिक्रिया ने इसे और धार दी. उन्होंने सीधे अखिलेश यादव के व्यवहार को निशाने पर लेते हुए कहा, “कैमरे के सामने संवेदना, और हटते ही गिद्ध दृष्टि…”.
यह बयान केवल राजनीतिक विरोध नहीं था, बल्कि यह उस धारणा को मजबूत करता है कि क्या संवेदनशील मुद्दों पर भी राजनीति “इमेज मैनेजमेंट” तक सीमित हो गई है.
महत्वपूर्ण बात यह रही कि इस आरोप के बाद भी अखिलेश यादव की ओर से कोई ठोस और स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया. उन्होंने अपने राजनीतिक हमलों को जारी रखा, लेकिन व्यवहार को लेकर उठे सवालों पर प्रत्यक्ष प्रतिक्रिया देने से बचते नजर आए.
गैर-यादव पिछड़ा राजनीति- अब निर्णायक क्यों?
उत्तर प्रदेश की राजनीति में गैर-यादव पिछड़े वर्ग की संख्या और प्रभाव दोनों ही बड़े हैं, लेकिन लंबे समय तक यह वर्ग राजनीतिक रूप से बिखरा हुआ रहा. वैसे, अब स्थिति बदल रही है. यह वर्ग केवल वोट बैंक नहीं रहना चाहता, बल्कि अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान चाहता है.
ओम प्रकाश राजभर जैसे नेता इस बदलाव का चेहरा बनकर उभरे हैं. वे केवल विरोध नहीं कर रहे, बल्कि एक वैकल्पिक राजनीतिक विमर्श गढ़ रहे हैं, जिसमें प्रतिनिधित्व, सम्मान और हिस्सेदारी के सवाल केंद्र में हैं. यही कारण है कि उनका हर बयान केवल एक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि एक व्यापक सामाजिक संकेत बन जाता है.
पीडीए की राजनीति की असली परीक्षा?
उत्तर प्रदेश की राजनीति इस समय एक निर्णायक मोड़ पर खड़ी है. एक तरफ अखिलेश यादव का पीडीए नैरेटिव है, जो व्यापक सामाजिक गठजोड़ की बात करता है, वहीं दूसरी तरफ गैर-यादव पिछड़े वर्ग की उभरती राजनीतिक चेतना है, जो अपने हिस्से और सम्मान की मांग कर रही है.
ओपी राजभर के लगातार हमलों और अनिल राजभर जैसे नेताओं के तीखे बयानों ने इस बहस को नई धार दी है. अब यह केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह उस सामाजिक संतुलन का सवाल बन गया है, जिस पर उत्तर प्रदेश की राजनीति टिकी हुई है.
यह कहना गलत नहीं होगा कि गैर-यादव पिछड़ा राजनीति आने वाले समय में सत्ता के समीकरण को निर्णायक रूप से प्रभावित करेगी. ऐसे में, सपा इस समीकरण के मानदंड़ों पर कितना खरा उतर रही है, आने वाले वक्त में उसे ये साबित करना होगा.
डिस्क्लेमर: यह एक एक्सप्लेनेर आर्टिकिल है. इस आर्टिकल में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी हैं. लेख में दी गई जानकारी और तथ्यों की सटीकता के लिए हमारी वेबसाइट जिम्मेदार नहीं है. हमने इसमें कोई संपादकीय बदलाव नहीं किए हैं.
ADVERTISEMENT









