IPS Anshika Verma News: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस अनुशासन को लेकर एक मामला चर्चा का विषय बन गया है. यहां थाना आंवला में वार्षिक निरीक्षण के दौरान गेट पर तैनात एक रिक्रूट सिपाही ने एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा को सैल्यूट करते समय 'जय हिंद' नहीं बोला. इसके बाद एसपी ने उसे 15 दिन के लिए रिजर्व पुलिस लाइन भेजने का आदेश दे दिया. हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कोई सजा नहीं, बल्कि अतिरिक्त प्रशिक्षण के लिए उठाया गया कदम है. बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग में हर साल अलग-अलग थानों का वार्षिक निरीक्षण किया जाता है. इसी क्रम में दक्षिणी एसपी अंशिका वर्मा इन दिनों अपने क्षेत्र के थानों का निरीक्षण कर रही हैं. 9 मई को वह थाना आंवला का निरीक्षण करने पहुंचीं थीं. उस समय सीओ आंवला नितिन कुमार, कोतवाल बीनू चौधरी और थाना स्टाफ निरीक्षण की तैयारियों में जुटा हुआ था.
ADVERTISEMENT
‘जय हिंद’ नहीं बोलने पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक थाना गेट पर हाल ही में भर्ती हुआ रिक्रूट आरक्षी परमवीर सिंह ड्यूटी पर तैनात था. पुलिस विभाग में अधिकारियों को सैल्यूट करते समय 'जय हिंद' बोलना एक सामान्य और अनिवार्य शिष्टाचार माना जाता है. सिपाही से लेकर डीजीपी तक सभी पुलिसकर्मी एक-दूसरे को सैल्यूट कर 'जय हिंद' बोलते हैं. लेकिन आरोप है कि परमवीर ने एसपी अंशिका वर्मा को न तो ठीक से सैल्यूट किया और न ही 'जय हिंद' कहा. इसके बाद एसपी अंशिका वर्मा ने नाराजगी जताई और माना कि रिक्रूट सिपाही के प्रशिक्षण में अभी कमी है. उन्होंने थाना प्रभारी से भी कहा कि सिपाहियों को अधिकारियों के अभिवादन का तरीका ठीक से नहीं सिखाया गया है. इसके बाद उन्होंने सिपाही को 15 दिन के लिए रिजर्व पुलिस लाइन भेजने का आदेश दिया, ताकि उसे ड्रिल और अनुशासन से जुड़ा अतिरिक्त प्रशिक्षण दिया जा सके.
सादा कपड़ों में पहुंचीं थीं एसपी
इस कार्रवाई के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. दरअसल, निरीक्षण के दौरान की एक फोटो वायरल हुई, जिसमें दिखाई दिया कि एसपी अंशिका वर्मा खुद यूनिफॉर्म में नहीं थीं और सादा कपड़ों में थाने का निरीक्षण कर रही थीं. हालांकि वह सरकारी वाहन और पुलिस स्टाफ के साथ पहुंची थीं. कुछ पुलिसकर्मियों का कहना है कि रिक्रूट सिपाही परमवीर हाल ही में प्रशिक्षण लेकर नई तैनाती पर आया था. उन्होंने एसपी से कार्रवाई न करने का आग्रह भी किया. वहीं सिपाही की तरफ से यह सफाई दी गई कि वह सादा कपड़ों की वजह से एसपी को पहचान नहीं पाया और इसी कारण अभिवादन नहीं कर सका.
अंशिका वर्मा का बयान चर्चा में
एसपी अंशिका वर्मा ने साफ किया कि यह कोई पनिशमेंट नहीं है. उन्होंने कहा कि सिपाही से गलती हुई थी, इसलिए उसे सीखने और अनुशासन की बेहतर ट्रेनिंग के लिए पुलिस लाइन भेजा गया है. वहां उसे पुलिस के बेसिक नियम, ड्रिल और वरिष्ठ अधिकारियों के अभिवादन का तरीका सिखाया जाएगा. फिलहाल रिक्रूट सिपाही परमवीर को रिजर्व पुलिस लाइन भेज दिया गया है. वहीं यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बना हुआ है. बता दें कि आईपीएस अंशिका वर्मा कुछ दिन पहले अपनी शादी को लेकर भी सुर्खियों में रह चुकी हैं.
ADVERTISEMENT









