Mathura News: राया की जामा मस्जिद क्षेत्र में जलभराव से हाहाकार, गंदे पानी और बदबू से लोग परेशान

Mathura Civic Issue: राया के जामा मस्जिद क्षेत्र में जल निकासी ठप होने से गलियों में गंदा पानी भरा है. नमाजियों और स्थानीय लोगों का जीना मुहाल है. प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जनता ने समाधान की मांग की, जिसके बाद अध्यक्ष ने जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया.

Raya Waterlogging News

Newzo

• 05:44 PM • 14 May 2026

follow google news

Mathura Civic Issue: राया कस्बे के जामा मस्जिद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था ठप होने से गलियों में गंदा पानी भर गया है, जिससे स्थानीय लोग और नमाजी भारी परेशानी झेल रहे हैं. लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए समाधान की मांग की है, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष ने मौके पर जाकर समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया है.

यह भी पढ़ें...

प्रदेश सरकार की स्वच्छता मुहिम को स्थानीय जिम्मेदार पलीता लगाने में जुटे हैं. राया कस्बे के मोहल्ला व्यापारियान स्थित जामा मस्जिद क्षेत्र इन दिनों नारकीय हालातों से जूझ रहा है. जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने के कारण गलियों में कई दिनों से गंदा पानी जमा है. इससे न केवल राहगीर और स्थानीय लोग परेशान हैं, बल्कि नमाजियों को भी मस्जिद जाने के लिए कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है.

जामा मस्जिद के आसपास सड़कों पर जमा गंदा पानी अब लोगों के सब्र का बांध तोड़ रहा है. क्षेत्र में फैली भीषण गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में बैठना तक मुहाल हो गया है. भीषण गर्मी के बीच जमा पानी में पनप रहे मच्छरों ने संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था न होने के कारण सड़कें तालाब का रूप ले चुकी हैं, जिससे बच्चे और बुजुर्गों का निकलना भी खतरनाक हो गया है.

अधिकारियों के दावों की खुली पोल

क्षेत्रवासियों का कहना है कि विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं. कई बार शिकायत के बावजूद केवल आश्वासन मिल रहे हैं, समाधान नहीं. लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि तत्काल जल निकासी कराई जाए और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए. स्थानीय जनता का कहना है कि प्रशासन की कुंभकरणी नींद के कारण हजारों लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं.

स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लूंगा: नगर पंचायत अध्यक्ष

राया नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि कुछ वार्डों से जलभराव की शिकायतें मिली हैं. हालांकि सफाई कर्मचारियों को प्रतिदिन सफाई के लिए निर्देशित किया गया है, फिर भी मैं स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लूंगा. नगर को स्वच्छ बनाए रखना ही मेरा प्रथम उद्देश्य है और जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा.