Mathura Crime News: मथुरा में रेलवे पुल से गिरकर युवक की मौत, परिजनों ने 112 पुलिस टीम पर लगाए मारपीट के आरोप; जांच शुरू

Mathura News: मथुरा में यमुना रेलवे पुल से गिरकर होशियार सिंह के पुत्र की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों ने डायल 112 पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए बदसलूकी और मारपीट का दावा किया है.

Newzo

• 11:22 AM • 12 May 2026

follow google news

Mathura News: मथुरा शहर के यमुना रेलवे पुल से गिरकर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक के शव को बाहर निकाला. मृतक की पहचान होशियार सिंह के पुत्र, निवासी धिंगरा, के रूप में हुई है.  

यह भी पढ़ें...

घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगाए और मौके पर हंगामा करते हुए शव उठाने का विरोध किया. परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपित पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होगी, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए.  

परिजनों का गंभीर आरोप

मृतक के भाई अमन ने बताया कि घर में किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो रही थी. इसी दौरान पड़ोसी जगदीश ने डायल 112 पर सूचना दे दी. आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक, उसके पिता व छोटे भाई के साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मारे और गाली-गलौज की.  

अमन के मुताबिक, पुलिस के डर और कथित बदसलूकी से घबराकर युवक वहां से भागा और रेलवे पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. परिजनों ने मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.  

आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी: एसडीएम

एसडीएम ऊषा सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि होशियार सिंह का पुत्र यमुना के रेलवे पुल से गिर गया है. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोताखोरों की मदद से शव को बरामद कर लिया. परिजनों ने पोस्टमार्टम और पंचनामा को लेकर कुछ विरोध किया था, लेकिन उन्हें समझा दिया गया है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. डायल 112 की टीम पर लगाए गए आरोपों की सक्षम स्तर से निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के पीए के हत्यारोपी राज सिंह के घर पहुंचे रिपोर्टर को वहां जो मिला, रह जाएंगे दंग