Mathura Road Accident: मथुरा जनपद के थाना नौहझील क्षेत्र में बुधवार सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक सड़क हादसा हो गया. आगरा से नोएडा की ओर जा रही एक कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से टकरा गई. हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए हैं. जानकारी के अनुसार हादसे की वजह ड्राइवर को नींद की झपकी बताया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 7:30 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई है. कार संख्या DL2CBC8992 चला रहे विकास कुमार (पुत्र राकेश कुमार, निवासी प्रयागराज) ने बताया कि लंबे सफर के दौरान उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिससे उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकरा.
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भिजवाया गया
हादसे में विकास कुमार के साथ कार में सवार रेशमा कुमारी और अंकित कुमार घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही PRV-1877 व चौकी इंचार्ज बाजना कट हरेंद्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भिजवाया गया.
दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मौके से हटाया गया
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मौके से हटवाकर बाजना कट यार्ड में खड़ा करा दिया गया है, जिससे एक्सप्रेस-वे पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा. साथ ही घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करें और नींद आने पर वाहन चलाने से बचें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT









