Mathura Murder Case: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ दुर्गापुरम कॉलोनी में एक 24 वर्षीय युवक ने अपनी 28 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जांच में हत्या और आत्महत्या की वजह आपसी अनबन और पुलिस में की गई शिकायत को माना जा रहा है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुभाष ठाकुर (24) और राधिका (28) पिछले दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में थे. राधिका अपने पति से तलाक लेने के बाद सुभाष के साथ एक किराए के कमरे में रह रही थी. हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच संबंध सामान्य नहीं थे और अक्सर विवाद होता रहता था.
ADVERTISEMENT
पुलिस केस बना हत्या की वजह
रिश्ते में कड़वाहट इतनी बढ़ गई थी कि राधिका ने कुछ दिन पहले ही सुभाष ठाकुर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. राधिका ने सुभाष पर छेड़छाड़ और पीछा करने के गंभीर आरोप लगाए थे,जिसके बाद पुलिस रिपोर्ट से सुभाष काफी नाराज था, जिसे इस वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है.
ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
घटना का पता शनिवार रात को चला, जब राधिका की बहन अनीता ने उसे कई बार फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पड़ोसियों को सूचना दी. जब पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा, तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई, जहाँ बिस्तर पर राधिका का शव पड़ा मिला और सुभाष फंदे से लटका हुआ पाया गया. सर्किल ऑफिसर (सदर) प्रीतम पाल सिंह के अनुसार, राधिका की गला घोंटकर हत्या की गई थी और प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है.
(आज तक की रिपोर्ट)
ADVERTISEMENT









