Mathura Villagers Protest Demolition: तहसील सदर क्षेत्र के जिखनगांव में जमीन और मकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और न्याय की गुहार लगाई. ग्रामीणों का आरोप है कि बिना उचित मुआवजा दिए उनके मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है, जिससे सैकड़ों लोग बेघर होने की कगार पर पहुंच गए हैं.
ADVERTISEMENT
ग्रामीणों के अनुसार यह मामला मौजा जिखनगांव, तहसील सदर, जिला मथुरा स्थित आराजी खसरा संख्या 417 की भूमि से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि पहले यह भूमि पूरनचंद, रोशन और अंगदलाल आदि के नाम दर्ज थी. अक्टूबर 2018 में इस जमीन का एक हिस्सा ईशान चौधरी पुत्र ओमवीर सिंह तथा दूसरा हिस्सा रुकमा देवी को बेचा गया था. इसके बाद करीब डेढ़ सौ लोगों ने अलग-अलग प्लॉट खरीदकर अपने मकान बनाए और वर्तमान में वहीं निवास कर रहे हैं.
पीड़ितों का कहना है कि उनके पास वैध रजिस्ट्री होने के बावजूद प्रशासन द्वारा उनके घरों को तोड़ा जा रहा है. उन्होंने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और फिलहाल तोड़फोड़ की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे. वहीं, प्रशासनिक स्तर पर अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
ADVERTISEMENT









