Farah Villagers Protes: फरह विकास खंड के गांव रैपुरा जाट में लगातार बिजली कटौती और ओवरलोड की समस्या से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को फरह विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने उपखंड अधिकारी देवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर 250 केवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 400 केवीए करने और जर्जर केबल बदलने की मांग की।
ADVERTISEMENT
प्रदेश अध्यक्ष (युवा) राष्ट्रीय जाट एकता संगठन जितेंद्र चौधरी और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुराने ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण दिन-रात फॉल्ट होते रहते हैं। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होती है, जिसके चलते पेयजल, पढ़ाई और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि चार दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना प्रदर्शन कर फीडर बंद करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए खंड अभियंता देवेंद्र सिंह ने आठ दिनों के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाने और केबल बदलने का आश्वासन दिया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
ज्ञापन देने वालों में अमित चौधरी (भोले), मनोज चौधरी, सौरभ चौधरी, नकुल चौधरी, रोहित सिंह, नीरज, अखिल, प्रशांत चौधरी, सत्यवीर चौधरी, सुनील चौधरी, नवल किशोर, पुष्पेंद्र, लोकेन्द्र चौधरी, अर्जुन, राजेश, चेतन अग्रवाल और सोनू चौधरी सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।
ADVERTISEMENT









