Mathura News: मथुरा जिले की छाता तहसील क्षेत्र से इस समय की बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है जहां गांव मझौई में मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला खेत की मेड यानी जमीन की सीमा को लेकर शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे कहासुनी से बढ़कर मारपीट में बदल गया.
ADVERTISEMENT
जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष के करीब 10 से 12 लोग एकजुट होकर दूसरे पक्ष पर टूट पड़े और दो युवक किशोर और विजय सिंह को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया. इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को भी इस संघर्ष में चोटें आई हैं जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाता में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. लेकिन गंभीर रूप से घायल दो युवकों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया.
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









